बरेली : सरकारी कार्यालयों की छतों से टपक रहा पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बारिश से विकास भवन, डूडा, सीएमओ समेत कई दफ्तर हो रहे पानी-पानी, कर्मचारी हलकान

बरेली, अमृत विचार: स्मार्ट सिटी में शहर की सड़कें ही नहीं सरकारी दफ्तरों का हाल भी बुरा है। विकास भवन, डूडा, सीएमओ, ग्रामोद्योग समेत कई सरकारी कार्यालयों को बारिश ने पानी-पानी कर दिया है। छतों से टपकता पानी सिस्टम को आइना दिखा रहा है। इस कारण कर्मचारियों को काम करने में जहां परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कंप्यूटर आदि बचाने के लिए पॉलीथिन खरीदकर किसी तरह काम चलाया जा रहा है।

बारिश में विकास भवन में सबसे खराब स्थिति में दूसरे फ्लोर पर बने सीवीओ, सहकारिता, आरईडी आदि कार्यालय की हो गई है। छत से टपक रहे पानी की वजह से काम निपटाने की बात तो दूर कर्मचारियों का बैठना दूभर हो गया है। बताया जाता है कि कुछ साल पहले विकास भवन सोलर पैनल लगाया गया था। तब से हर साल ऐसा होता है। सोलर पैनल लगाने के दौरान फाउंडेशन बनाते समय लिंटर मे गड्ढे कर दिए थे, जिसे आज तक नहीं भरे। ऐसे में कई बार जरूरी कागजात पानी से गीले हो जाते हैं। लगातार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से हर साल लिंटर और दीवारों से पानी रिसकर कार्यालय के भीतर पहुंच रहा है।

डूडा और सीएमओ कार्यालय का भी यही हाल है। यहां भी वर्षों पुराने भवन में कार्यालय संचालित है। इनकी छत जर्जर हो चुकी है और दीवारों में सीलन आ गई है। छत से बारिश में निरंतर पानी टपकता रहता है। डूडा दफ्तर में ऐसा कोई कमरा ऐसा नहीं बचा है, जिसकी छत और दीवार से पानी नहीं टपकता हो। बहरहाल यह कर्मी जान जोखिम में डालकर काम करने को विवश हैं।

सरकारी आवासों के भी बुरे हाल
बारिश से राजेंद्र नगर में पीडब्ल्यूडी कालोनी और स्वास्थ्य विभाग के सरकारी आवास भी प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश होने से इन भवनों की छतें और दीवारों में पानी भरा हुआ है और वह गीली बनी हैं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के आवासों की स्थिति तो इतनी बदतर है कि किसी तरह पन्नी लगाकर बारिश के पानी से बचाव किया जा रहा है। वहीं, पीडब्ल्यूडी परिसर में बने अफसर और कर्मचारियों के आवास भी टपक रहे हैं। आवासों की मरम्मत व पुताई कराने की जिम्मेदारी भी इसी विभाग की बनती है, लेकिन अनदेखी की वजह से हालत दिन पर दिन बिगड़ती जा रही है।

विकास भवन में सरकारी कार्यालयों की छतों से पानी टपकने की जानकारी मिली है। जिन-जिन कार्यालयों की छतों से पानी टपक रहा है। उसका निरीक्षण कराने के साथ ही शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। - देवयानी, सीडीओ।

संबंधित समाचार