भाजपा मंडल कार्य समिति की बैठक में सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का संकल्प
मलिहाबाद, अमृत विचार : मलिहाबाद विकासखंड सभागार में शुक्रवार दोपहर भाजपा मंडल कार्य समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी ने की। बैठक में संगठन को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णा लोधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का मुख्य लक्ष्य मतदाताओं के घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी ने कहा कि सरकार जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और यह हम कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि इन उपलब्धियों को हर नागरिक तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संपर्क अभियान को तेज करने की अपील की। बैठक में निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की जानकारी लोगों को दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रवासी पूर्व मंडल अध्यक्ष रविराज लोधी, पूर्व मंडल अध्यक्ष जितेंद्र अवस्थी, प्रधान संघ अध्यक्ष प्र. अखिलेश सिंह अंजू, जिला सह मीडिया प्रभारी धीरेंद्र मौर्य धीरू समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने और सोशल मीडिया के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्रसारित करने पर भी सहमति बनी।
यह भी पढ़ें:- बाराबंकी में रातभर बरसे बादल, दिनभर गुल रही बिजली लोग परेशान
