मुरादाबाद: पिता की प्रेमिका नहीं थी पसंद...जालिम बाप ने बेटी को ही उतारा मौत के घाट
संभल, अमृत विचार। अवैध संबंधों में आड़े आ रही बेटी की जान लेने वाला बाप अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। घटना के तीसरे दिन भी उसका और उसकी प्रेमिका का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिता और उसकी प्रेमिका की तलाश में दबिश दी जा रही है। सुराग लगते ही दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मामला संभल के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव लतीफुर टोड़ी का है। 17 साल की गुड़िया को अपने पिता वीरपाल की प्रेमिका कुसुमा देवी फूटी आंख नहीं सुहाती थी। जिसकी वजह से वीरपाल भी बेटी गुड़िया से नफरत पाल बैठा था। वीरपाल का पत्नी से भी इस बात को लेकर झगड़ा होता था। शुक्रवार को घर में इसी बात को लेकर कलेस हुआ और वीरपाल ने गुड़िया की हत्या कर दी। वारदात के वक्त मां रीना पशुओं को चारा डालने घर के बाहर गई थी।
उधर अलीगढ़ में रहने वाले मामा को गुड़िया की मौत की सूचना मिली तो वह संभल पहुंचे। वीरपाल बेटी के अंतिम संस्कार की तैयार कर रहा था। वीरपाल ने सत्यपाल ने मौत की वजह पूछी तो वह झगड़ा करने लगा। बाद में मौका देखकर खिसक लिया। मामा सत्यपाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता वीरपाल और उसकी प्रेमिका कुसुमा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हुई हैं।
