मिर्जापुर : हाइवे पर गंगा की बाढ़ में बाइक सवार दंपत्ति बहे, पत्नी की मौत...बच्ची लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पांच वर्षीय बेटी और पति को ग्रामीणों ने बचाया, चार वर्षीय बच्ची की तलाश जारी

मिर्जापुर, अमृत विचार: जलालाबाद-ढाईघाट हाइवे पर ग्राम गुटेटी उत्तर के समीप डिप पर गंगा की बाढ़ के तेज बहाव में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। कासगंज जिले के बाइक सवार दंपत्ति अपने दो बच्चों के साथ बह गए। इसमें 25 वर्षीय महिला व एक बच्ची की डूबकर मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बच्ची का शव अभी तक नहीं मिल सका है। स्थानीय ग्रामीणों ने पति और पांच वर्षीय पुत्री को पानी से सकुशल निकाल लिया।

कासगंज जिले के थाना दरियागंज अंतर्गत ग्राम चौकी निवासी पाल सिंह अपनी पत्नी 25 वर्षीय रोली, पुत्री पांच वर्षीय संगीता और चार वर्षीय काजू को लेकर पत्नी के मायके मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर नगला, निवासी अवधेश प्रसाद जाटव के घर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने आए थे। रविवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम गुटेटी उत्तर के पास डिप पर गंगा की बाढ़ का पानी तेज रफ्तार से बह रहा था। अचानक पानी के तेज बहाव में बाइक सहित पूरा परिवार बह गया और हाइवे किनारे गहरे गड्ढे में डूबने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पाल सिंह तथा उनकी पांच वर्षीय पुत्री संगीता को सकुशल बाहर निकाल लिया। लेकिन रोली और चार वर्षीय काजू तेज बहाव में बह गए।

गोताखोरों ने रोली को पानी से ढूंढकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मासूम काजू का शव अब तक नहीं मिल सका है। गोताखोरों ने बाइक को भी गहरे पानी से बरामद कर लिया। मृतका के पति ने बताया कि उसके कुल चार बच्चे हैं, जिनमें 12 वर्षीय अंकित और नौ वर्षीय नन्हूं को वह घर पर ही छोड़ आया था। घटना की सूचना पर एसडीएम कलान अभिषेक प्रताप सिंह, सीओ अजय कुमार राय और थाना प्रभारी सोनी शुक्ला घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन गोताखोरों की मदद से बच्ची काजू की तलाश में जुटा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संबंधित समाचार