मुरादाबाद में शांत होने लगी रामगंगा...मगर कालागढ़ में बढ़ रहा रौद्र रूप
मुरादाबाद, अमृत विचार। बारिश से बाढ़ प्रभावित लोगों की चिंता बढ़ रही है। हालांकि सोमवार को रामगंगा नदी का जलस्तर कटघर रेलवे पुल पर घटते क्रम में रहा। लेकिन कालागढ़ में नदी चढ़ाव पर रही। गागन मुरादाबाद में भी बढ़ी रही। जिससे आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुसने से लोग प्रभावित हुए।
कई दिनों से नदियों के बढ़ रहे जलस्तर से सोमवार को थोड़ी राहत मिली जब कटघर रेलवे पुल पर रामगंगा नदी का जलस्तर घटते क्रम में रहा। पानी घटने से आसपास के लोगों को सुकून मिला। रामगंगा कटघर रेलवे पुल पर घटाव पर रही। जबकि कालागढ़ में जलस्तर बढ़ा। हालांकि यहां अतिरिक्त पानी डिस्चार्ज नहीं किया गया।
कांठ, ठाकुरद्वारा, मूंढापांडे, भगतपुर, भोजपुर, ताजपुर व महानगर में रामगंगा नदी के तटीय इलाके में भी पानी कम होने से आसपास के लोगों को सुकून मिला। हालांकि सुबह हुई बारिश ने लोगों ने टेंशन बढ़ा दी थी। मगर दोपहर में मौसम खुलने और धूप से बाढ़ का खतरा कम हुआ। गागन का जलस्तर बढ़ने से पाकबड़ा के आसपास के कई गांवों में पानी भर गया। कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्राधिकरण प्रबंधन के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार स्थिति में पहले से सुधार हो रहा है। बाढ़ चौकियों के माध्यम से निगरानी हो रही है। मोटर बोट व बोट एंबुलेंस भी प्रभावित क्षेत्रों में लगी है।
यह रहा नदियों का जलस्तर
रामगंगा कटघर रेलवे पुल 190.02 मीटर उतार
रामगंगा कालागढ़ डैम 349.06 मीटर चढ़ाव
गागन मुरादाबाद 192.30 मीटर चढ़ाव
बारिश की स्थिति तहसीलवार
मुरादाबाद सदर 4.0 मिलीमीटर
बिलारी 0
कांठ 9.5 मिलीमीटर
ठाकुरद्वारा 44.1 मिलीमीटर
जिले में कुल बारिश 57.6 मिलीमीटर
