Tiranga Yatra : लखनऊ के अलग अलग स्थानों पर निकली गई तिरंगा यात्रा, लोगों ने बढ़ चढ़ कर लिया हिंसा  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमृत विचार, काकोरी। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत काकोरी मंडल की तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा काकोरी के शीतला देवी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर काकोरी कस्बा के मुख्य मार्ग होते हुए। विकास खंड काकोरी मुख्यालय पर समाप्त हुई। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख नीतू यादव, काकोरी नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित साहू के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। 

तिरंगा यात्रा में लोगों के हाथों में तिरंगा झंडा स्वदेशी अपनाओ के पोस्टर और भारत माता की जय घोष के साथ लोग पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। तिरंगा यात्रा में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा विकास किशोर, मंडल अध्यक्ष विपिन राजपूत, महिला मोर्चे की जिला महामंत्री प्रतिभा वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रविराज लोधी, मंडल प्रभारी संजेश सिंह, सुनील कनौजिया, पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल सिंह चौहान, नीलम श्रीवास्तव, मनीष गुप्ता, दिवाकर सिंह, नवनीत निगम,विनय निगम समेत मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ता समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।भाजपाईयों ने निकाली तिरंगा यात्रा लोगों के हाथों में लहराया तिरंगा

कल रुसेना जौरिया मार्ग पर धरना देंगे दिव्यांग व राहगीर

कल रुसेना जौरिया मार्ग टूटा होने के कारण दिव्यांग व राहगीर सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर धरना देंगे जिसका ज्ञापन एसडीएम मलिहाबाद को सौंपा गया है। दिव्यांगों और राजगीरों ने बताया कि यह सड़क बेहद ही टूट चुकी है जिस पर आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार शिकायत की गई लेकिन जिम्मेदार आज तक इस सड़क के नवीनीकरण के लिए ध्यान नहीं दिए हैं। इस वजह से मजबूरन उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है।

मलिहाबाद तहसील के अंतर्गत थाना रहीमाबाद क्षेत्र के माल गहदो मार्ग पर जौरिया रुसेना मार्ग काफी समय से टूटा पड़ा है। इस मार्ग पर आने जाने वाले लोग आय दिन भीषण गड्ढों की वजह से हादसे का शिकार हो रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने इस मार्ग के नवीनी करण के लिए लिखित में मांग कर चुके हैं लेकिन आज तक मामला ठंडे बस्ते में पड़ा है। मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के द्वारा एसडीएम मलिहाबाद को सड़क के नवीनी करण के लिए कल 14 अगस्त को भीम नगर जौरिया में धरना प्रदर्शन की चेतावनी दिव्यांगों तथा आसपास पड़ोस के लोगों द्वारा दी गई है।

काकोरी रेलवे स्टेशन पर सेल्फी पॉइंट का हुआ उद्धघाटन

मंगलवार को विवेक वर्मा सहायक सुरक्षा आयुक्त /आर०पी०एफ / कानपुर मण्डल प्रयागराज के निर्देशन व मार्गदर्शन में काकोरी रेलवे स्टेशन पर सेल्फी पॉइंट का उद्धघाटन किया गया है।

यह सेल्फी पॉइंट अगामी 15 अगस्त को 79वे स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर काकोरी रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में स्थापित किया है। इस समारोह के दौरान उत्तर मध्य रेलवे आर०पी०एफ० प्रयागराज के बैण्ड प्रस्तुति प्रोग्राम का भव्य आयोजन किया गया है। जिसमें बैण्ड दल द्वारा देश भक्ति की धुनों का वादन कर उपस्थित अतिथियों यात्रियों में देश प्रेम की भॉवना को जागृत किया जायेगा। वहीं एस. के. वर्मा, निरीक्षक आर०पी०एफ० गोविन्दपुरी द्वारा इस कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने हेतु पर्यवेक्षण किया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष के साथ तिरंगा लेकर निकले भाजपाई

भाजपा माल मंडल ने जिलाध्यक्ष विजय मौर्य के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता और शहीदों के जयकारे लगाते चल रहे थे।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा यात्रा शहीदों और महापुरुषों के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरणा देने का कार्य करती है। चेयरमैन जिला सहकारी बैंक वीरेंद्र प्रताप सिंह,भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुंवर माधवेन्द्र देव सिंह, रवि द्विवेदी,मंडल अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह,पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला मंत्री मुकेश कुमार गुप्ता,व्यापार मंडल अध्यक्ष गोपाल गुप्ता,ग्राम प्रधान आशुतोष चौरसिया के अलावा मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

निगोहां में गूंजे देशभक्ति के नारे

आजादी के अमृत महोत्सव एवं "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत मंगलवार को निगोहां में तिरंगा रैली निकाली गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष ललित सिंह की अगुवाई में यात्रा मंडल कार्यालय से शुरू हुई। नगर के मार्गों से होते हुए नगराम मोड़ पर समापन हुआ।

यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नार लगाते हुए चल रहे थे। मार्ग में लोगों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रबल करना और हर घर पर तिरंगा फहराने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। महामंत्री नवीन मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र दीक्षित, दीनू बाजपेयी, अमन सिंह चौहान, विनोद वर्मा, गुड्डन सोनी सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

नगर पंचायत अध्यक्ष निखिल मिश्रा एवं गोसाईगंज भाजपा मंडल की ओर से मंगलवार को भारतीय सेना, मिशन सिंदूर के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे और कस्बे के लोग शामिल हुए। यात्रा का समापन पूर्व विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित रामपाल त्रिवेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय ने निकाली तिरंगा साइकिल यात्रा
एंटी रैगिंग सप्ताह की शुरुआत, कैरम प्रतियोगिता और म्यूजिकल कंसर्ट

भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय ने निकाली तिरंगा सायकिल यात्रा

भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विविध आयोजनों के अलावा मंगलवार को एंटी रैगिंग सप्ताह की शुरुआत भी हुई। विश्वविद्यालय में तिरंगा सायकिल यात्रा, तिरंगा मेला, तिरंगा म्यूजिकल कंसर्ट, कैरम प्रतियोगिता और एंटी रैगिंग सप्ताह की शुरुआत की गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत इस वर्ष तिरंगा सायकिल यात्रा का आयोजन सुबह 8 बजे किया गया। कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने विश्वविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखा कर सायकिल यात्रा को रवाना किया। यह यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर शहीद स्मारक तक गई। तिरंगा सायकिल यात्रा में विश्वविद्यालय के अनेक कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विश्वविद्यालय के खेलकूद वार्षिक कैलेण्डर के अनुसार पूर्वाह्न 11 बजे से सुजान सभागार में कैरम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कैरम प्रतियोगिता में 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। गायन में बीपीए प्रथम सेमेस्टर के आदित्य वर्मा को प्रथम स्थान, गायन में एमपीए तृतीय सेमेस्टर के प्रदीप राय को द्वितीय स्थान, और तृतीय स्थान पर आदित्य विक्रम राणा व राज वर्मा संयुक्त रूप से रहे।

विश्वविद्यालय के राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में आज एंटी रैगिंग सप्ताह का शुभारम्भ कुलपति प्रो. मांडवी सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी शामिल हुए। अपने संबोधन में कुलपति ने रैगिंग मुक्त विश्वविद्यालय परिसर के नियमों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय में एंटी रैगिंग सप्ताह 12 से 18 अगस्त तक मनाया जा रहा है। 

इस दौरान एंटी रैगिंग से संबंधित अनेक प्रतियोगिताएं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा जिससे विश्वविद्यालय परिसर में समस्त छात्र छात्राओं के लिए एक सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण का निर्माण हो। हर घर तिरंगा अभियान के तहत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में तिरंगा मेले का आयोजन किया गया। तिरंगा म्यूजिकल कंसर्ट राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में किया गया। प्रतियोगिता में 17 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

तिरंगामय हुआ पुनर्वास और भाषा विश्वविद्यालय

ख्वाजा मोइनुद्दीन भाषा विश्वविद्यालय और डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। भाषा विवि कैंपस से निकली यात्रा चक्करपुरवा गांव होते हुए विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के साथ देशभक्ति से जुड़े सिंगिंग और डांसिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. अजय तनेजा, डॉ. नलिनी मिश्रा, डॉ. उधम सिंह और डॉ. बुशरा अलवेरा उपस्थित रहे। डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि से 11 बजे निकली रैली एडमिन ब्लॉक पर संपन्न हुई। डॉ. विजय शंकर शर्मा, डॉ. मल्लिका सक्सेना, डॉ. जे. कल्याणी, पूजा, विभा तिवारी, पूनम चौरसिया, चयनिका द्विवेदी, नेहा सिंह यादव शामिल रहीं।

तिरंगा हमारी एकता और स्वाभिमान का प्रतीक

चिनहट प्रथम वार्ड में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। पार्षद अरुण कुमार राय की ओर से निकाली गई इस यात्रा में भाजपा नेता नीरज सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने लोगों ने घरों, दुकानों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की। कहा कि तिरंगा हमारी एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगा लहराकर हम देश की आजादी और बलिदानियों को सम्मान दे सकते हैं।

चिनहट के महात्मा गांधी बालिका इंटर कॉलेज प्रांगण से शुरू हुई यात्रा गांधी चबूतरा होते हुए बालिका इंटर कालेज पर संपन्न हुई। यात्रा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पूर्व माध्यमिक कन्या विद्यालय एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी, प्रधानाचार्य, स्टाफ, मंडल अध्यक्ष कमल पाण्डेय, गौरव भाटिया, मनोज गुप्ता, अरुण सिंह, विजय शर्मा, अनिल सोनी, नरेंद्र श्रीवास्तव, रामचंद्र सिंह, शिवनारायण दुबे, बृजराज शर्मा, प्रदीप शर्मा, मिथुन, शैलेंद्र गुप्ता, टीटू, शुभम सिंघल, नवीन राय, राजेश रावत और सत्यदेव दुबे शामिल रहे।

केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने लगाए देशभक्ति के नारे

केंद्रीय विद्यालय एसजीपीजीआई में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तीन किलोमीटर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्राचार्य डॉ कौशलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में विद्यार्थी और शिक्षक देशभक्ति के नारे लगाते हुए एसजीपीजीआई कैंपस से रायबरेली रोड होते हुए कैंपस लौटे। आयोजन में शिक्षकों शोएब इस्लाम, वरुण कुमार, नेम सिंह, डॉ नलिनी श्रीवास्तव और फराजुल हसन का विशेष योगदान रहा।

ये भी पढ़े : स्वतंत्रतता दिवस पर लखनऊ वालों के लिए बड़ा तोहफा, मल्टीप्लेक्स में फ्री में दिखाई जाएगी देशभक्ति की फिल्म स्काई फोर्स

संबंधित समाचार