लखीमपुर खीरी: मार्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की ट्रक की टक्कर से मौत
पसगवां, अमृत विचार। जंगबहादुरगंज मोहम्मदी मार्ग पर जेबी गंज कस्बा से सटे बरखेरिया जाट में मार्निंग वॉक पर निकले एक वृद्ध की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई।
पसगवां थाना क्षेत्र के जंगबहादुरगंज निवासी जैजै राम (70) पुत्र पुत्तू लाल बुधवार की सुबह जेबी गंज मोहम्मदी मार्ग पर बरखेरिया जाट में रोड पर पैदल टहलने जा रहे थे। रास्ते में एक ट्रक ने जै जै राम को टक्कर मार दी जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पसगवां लाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दामाद तेजपाल पशु चिकित्सालय पसगवां में फार्मासिस्ट हैं। उनकी एकमात्र पुत्री राजकुमारी की मौत 2004 में हो गई थी। मृतक का एक नाती और एक नातिन है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जंगबहादुरगंज चौकी प्रभारी राहुल सिंहल ने बताया कि चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया है।
