Bareilly : पहले युवक को पीटा, फिर फायरिंग कर फैलाई दहशत...अब दबंगों पर FIR
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में बहन से बात करने के शक में चार आरोपियों ने अपने 15 से 20 अज्ञात साथियों के साथ युवक की जमकर पिटाई की। विरोध करने पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। पीड़ित पास के जिम में भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र राजीव कालोनी निवासी अभिषेक कुमार भारती ने बताया कि बुधवार की देर शाम करीब 7 बजे बैरुजा फैक्ट्री कलोनी निवासी शुभ चौहान ने उसे फोन किया। फोन उठाते ही कहने लगा कि वह उसकी बहन से फोन पर बात करता है। जिस पर उसने फोन काट दिया। आरोप है कि उसके बाद वह करगैना बाजार से अपने घर की तरफ आ रहा था। रास्ते में मसल स्टोन जिम के टीक सामने शुभ चौहान अपने 15-20 साथियो के साथ मौजूद था। शुभ ने उसे रास्ते में रोक लिया और साइड में ले जाकर जाति सूचक गालियां देते हुए कहा कि उसकी बहन बेटियों से बात करता है।
वह कुछ समझ पाता कि शुभ चौहान अपने साथी छोटू ठाकुर, उदित ठाकुर और आदित्य ठाकुर के साथ मिलकर लात घूसों से मारना पीटना शुरू कर दिया। वह वहां से भागने लगा। जिस पर छोटू ठाकुर ने उस पर पीछे से फायर किया। वह पास के जिम में ऊपर जाकर अपनी जान बचाई। आरोप है कि उसके बाद सभी ने हवाई फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी दे कर मौके से फरार हो गए। सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
