बरेली: एडीजी, डीआईजी सड़क पर और पुलिस चौराहों से गायब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। भारत बंद को लेकर पुलिस अधिकारी देर रात तक सीओ और इंस्पेक्टर को अलर्ट रहने के निर्देश देते रहे लेकिन सुबह जब एडीजी और डीआईजी सड़क पर उतरे तो देखा कि सड़क से पुलिस नदारद थी। चौराहे होमगार्ड के हवाले थे। यह देखकर डीआईजी ने वायरलेस पर सीओ और इंस्पेक्टरों की फटकार लगाई। …

बरेली,अमृत विचार। भारत बंद को लेकर पुलिस अधिकारी देर रात तक सीओ और इंस्पेक्टर को अलर्ट रहने के निर्देश देते रहे लेकिन सुबह जब एडीजी और डीआईजी सड़क पर उतरे तो देखा कि सड़क से पुलिस नदारद थी। चौराहे होमगार्ड के हवाले थे। यह देखकर डीआईजी ने वायरलेस पर सीओ और इंस्पेक्टरों की फटकार लगाई। इसके बाद इंस्पेक्टर और सीओ सड़कों पर उतरे और व्यवस्था देखी।

मंगलवार को भारत बंद को सफल बनाने के लिए कांग्रेस, सपा समेत आईएमसी ने गिरफ्तारी देने की बात कही थी। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट थे। सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने सुबह 7 बजे सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। जब डीआईजी कुतुबखाना पहुंचे तो देखा कि उस चौराहे पर सिर्फ एक होमगार्ड तैनात था। डीआईजी ने उससे पूछा कि बाकी फोर्स कहां है तो वह बोला कि अभी और लोग नहीं आए हैं। इसके बाद उन्होंने सूद धर्मकांटा चौराहा देखा तो वहां भी एक ही होमगार्ड था।

वहीं, डेलापीर पर चार होमगार्ड थे लेकिन उनकी नजर खनन की गाड़ियों पर थी। यह देखने के बाद डीआईजी ने वायरलेस पर सीओ और इंस्पेक्टरों की फटकार लगाई और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था देखने को कहा जिसके बाद पुलिस सड़क पर उतरी और सुरक्षा व्यवस्था में जुट गई। इसके साथ ही एडीजी अविनाश चंद्र भी जायजा लेने के लिए बारादरी, इज्जतनगर और प्रेमनगर में पहुंचे और पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने इज्जतनगर स्थित मंडी में जाकर वहां के हालचाल भी जाने और चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों से वाहनों की चेकिंग भी करवाई।

“अलर्ट रहने की बात सभी सीओ और इंस्पेक्टरों से की गई थी लेकिन सुबह सारे चौराहे होमगार्ड के हवाले थे। इसके बाद सीओ और इंस्पेक्टर को सुरक्षा व्यवस्था देखने के निर्देश दिए गए।” -राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी

संबंधित समाचार