Rampur : मां की डांट से आहत युवक ने फांसी लगाकर दी जान
रामपुर,अमृत विचार। मां की डांट से नाराज युवक रात को फंदे पर लटक गया। सुबह जगाने पहुंची मां तो रस्सी से बेटे को लटका देख बेहोश हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टांडा तहसील क्षेत्र के गांव खुशहालपुर निवासी 20 वर्षीय युवक फंदे पर लटका मिला। बताया जाता है कि युवक की किसी बात को लेकर मां से नाराजगी हो गई थी। शुक्रवार को मां की डांट के बाद वह छत पर बने कमरे में चला गया। शनिवार सुबह करीब 5 बजे नमाज के लिए जब परिवार के लोग उठे तो मां बेटे को जगाने कमरे में गई।
वहां बेटे को लटका देखा तो मां की चीख निकल गई। चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। युवक को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक युवक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह लिंटर की फंटी लगाने का काम करता था। घटना के बाद परिवार में मातम बरपा हो गया।
