मुरादाबाद :  सपा सांसद रुचि वीरा का पूर्व सांसद पर तंज, विरोध करने वालों को बताया ‘जयचंद’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सपा सांसद के बयान से पार्टी की अंदरूनी कलह एक बार फिर सतह पर आ गई है। पार्टी की मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा ने पार्टी के पूर्व सांसद का नाम लिए बिना तीखा हमला किया है। उन्होंने उन्हें पार्टी का “जयचंद” करार दिया और सपा मुखिया अखिलेश यादव से मांग की कि ऐसे नेताओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस पर अपने कार्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जब अखिलेश यादव द्वारा पार्टी की विधायक पूजा पाल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करने पर निष्कासित करने का सवाल आया तो सांसद ने प्रतिक्रिया में कहा कि जो लोग पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं और खुले तौर पर उम्मीदवार का विरोध करते हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाना जरूरी है। विरोध करने वाले पार्टी में जयचंद का काम कर रहे हैं। 

सांसद ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कुछ लोगों ने खुलेआम विरोध किया था और उनके वीडियो वायरल हुए थे, इसके बावजूद वे आज भी पार्टी में बने हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा उम्मीदवारों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 2027 में सरकार बनाना है। अगर अनुशासनहीनता पर कार्रवाई नहीं होगी तो यह पार्टी के कार्यकर्ताओं को निराश करेगी। टिकट मांगने का अधिकार सबको है, लेकिन जिसे हाईकमान तय करे, उसके लिए सभी को मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए।

संबंधित समाचार