श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर अश्लील गीत पर थिरके पुलिसकर्मी, वीडियो वायरल
देवरिया। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के खुखुन्दू थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात डीजे पर अश्लील गीत पर कुछ पुलिसकर्मियों का थिरकते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो थाना खुखुन्दू का बताया जा रहा है।
तथाकथित वायरल वीडियो में डीजे पर बज रहे गीत ‘समीयाना में तोहरे चलते..चली गोली’ जैसे अश्लील गाने बजाकर कुछ लोग थिरक रहे हैं। बताया जाता है कि थिरक रहे लोग सादे वर्दी में कुछ पुलिसकर्मी हो सकते हैं।
थाना खुखुन्दू में शनिवार को आयोजित भगवान के जन्मोत्सव कार्यक्रम में डीजे पर बज रहे अश्लील गीत पर थिरक रहे हैं जबकि पुलिस महानिदेशक का स्पष्ट आदेश था कि किसी भी थाने में भगवान के जन्मोत्सव कार्यक्रम में डीजे नहीं बजेगा लेकिन पुलिस विभाग की इस करतूत का चारों ओर चर्चा हो रही है।
इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि तथाकथित वायरल वीडियो की जांच कराकर जो भी पुलिसकर्मी दोषी होगा उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
