UP : लावारिस लाश पर दो परिवारों का दावा...उलझन में पुलिस, पोस्टमार्टम अटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बम्हनपुर, अमृत विचार। शारदा नगर क्षेत्र में मिली एक लावारिस लाश ने पुलिस और परिजनों को बड़ी उलझन में डाल दिया है। एक ही शव पर दो परिवारों ने अपना-अपना दावा ठोक दिया है। पहचान को लेकर मचे इस विवाद के चलते रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया रोकनी पड़ी। अब सोमवार को ही शव का पोस्टमार्टम हो सकेगा।

शनिवार को शारदा नगर इलाके में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। रविवार को जब परिजन पहुंचे तो पहचान को लेकर दो पक्ष सामने आ गए। मझगई थाना क्षेत्र के बौधिया कलां निवासी गोकुल प्रसाद ने शव को अपने 30 वर्षीय बेटे विजयपाल का बताया। उनका कहना है कि विजयपाल भंगहा मजरा मझरा पूरब में रहकर डॉक्टरी करता था। 12 अगस्त को पारिवारिक विवाद के बाद गुस्से में घर छोड़ गया था। अगले दिन 13 अगस्त को परिजनों ने पढ़ुआ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 

इधर, फूलबेहड़ थाना के पिपरा मडोरा निवासी 42 वर्षीय रामाशीष के परिजन भी शव को अपना बता रहे हैं। रामाशीष की पत्नी मंजुला देवी ने बताया कि 7 अगस्त को पति दवा के लिए पैसे मांग रहे थे, लेकिन पैसे न मिलने पर नाराज होकर घर से चले गए, फिर कभी वापस नहीं लौटे। दोनों दावों के चलते पुलिस ने शव का पंचनामा तो कर लिया, लेकिन सिस्टम ने एक शव पर दो नाम दर्ज करने से मना कर दिया, जिससे पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनना असंभव हो गया। 

डॉक्टरों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम या तो लावारिस में दर्ज होगा या फिर किसी एक व्यक्ति की पहचान तय होने पर। रविवार को पोस्टमार्टम हाउस पर दोनों परिवार मौजूद रहे और शव को लेकर अपना-अपना दावा करते रहे। इस बीच गोकुल प्रसाद ने शारदा नगर पुलिस को तहरीर देकर डीएनए जांच की मांग की है ताकि असली पहचान सामने आ सके। प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह ने बताया कि दो परिवार शव पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। ऐसे में रविवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। डीएनए टेस्ट कराया जाएगा।

संबंधित समाचार