बरेली : पर्यटकों को लीलौर झील की तरफ आकर्षित करने में जुटा प्रशासन
टॉय ट्रेन के संचालन की तैयारी के बीच बंबू के छोटे-छोटे हट बनाने की तैयारी शुरू
बरेली, अमृत विचार: नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत सात नाथ मंदिरों को जोड़ने के साथ ही प्रशासन पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रामनगर की लीलौर झील की तरफ विशेष ध्यान दे रहा है। दिवाली तक झील में पर्यटकों के लिए नौका विहार निशुल्क की गई है। वहीं लीलौर झील किनारे इंटर लॉकिंग का कार्य कराकर उस पर टॉय ट्रेन चलवाने के साथ वाटर पार्क बनवाने की तैयारी की जा रही है।
इसके साथ ही डीएम अविनाश सिंह ने झील किनारे पर्यटकों के ठहरने के लिए छोटी-छोटी हट बनवाने की योजना बनाई है। ये हट बंबू के बनाए जाएंगे। इससे बंबू की कारीगरी भी पर्यटकों को लुभाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलेगा। बंबू हट में सभी सुविधाएं मिलेंगी। लाइट की भी व्यवस्था रहेगी। सभी हट झील किनारे बनेंगे ताकि पर्यटक इनमें ठहरने के दौरान सुबह-शाम झील की सौंदर्यता का आनंद ले सकें। डीएम ने बंबू हट बनवाने के लिए बंगाली कारीगर से डिजाइन भी बनवाए हैं। 18 प्रकार से हट, उनके अंदर साजो-सज्जा की चीजें भी बंबू की बनवाई जाएंगी। टॉय ट्रेन के संबंध में कई कंपनियों से डीएम वार्ता कर चुके हैं।
