मुरादाबाद : उर्स आला हजरत और पीरान कलियर मेले के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें
रेल प्रशासन ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कोच के साथ ट्रेनों के ठहराव बढ़ाए
मुरादाबाद, अमृत विचार: उर्स आला हजरत (बरेली) और पीरान कलियर मेले के अवसर पर रेल प्रशासन ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विशेष इंतज़ाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कोच, विशेष गाड़ियां, ठहराव में बढ़ोतरी और कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किए गए हैं।
मुरादाबाद रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि आगामी 18 अगस्त से 23 अगस्त तक कई ट्रेनों में अस्थाई तौर पर दो-दो अनारक्षित कोच लगाने का निर्णय लिया है। इसमें बरेली-अलीगढ़, बरेली-दिल्ली, बरेली-प्रयागराज संगम, अलीगढ़-बरेली, दिल्ली-बरेली और प्रयागराज संगम-बरेली रूट की कई ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा 24 अगस्त से 10 सितम्बर तक देहरादून-सहारनपुर रूट की ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
इसी अवधि में कुछ ट्रेनों को बरेली स्टेशन पर अस्थायी रूप से रोका जाएगा। इनमें डाउन दिशा में 13258 और 12524 तथा अप दिशा में 13257 ट्रेन शामिल हैं। 20 अगस्त को बरेली-मुरादाबाद पैसेंजर (64177) को भीड़ के कारण पुनर्निर्धारित किया गया है। यह ट्रेन बरेली से 14.40 बजे की बजाय 15.45 बजे प्रस्थान करेगी। 20 अगस्त को यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए बरेली से सहारनपुर तक मेले की विशेष अनारक्षित ट्रेन (संख्या 04301) चलाई जाएगी। यह ट्रेन शाम 16.45 बजे बरेली से चलकर रात 23.00 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। रास्ते में रामपुर, मुरादाबाद, धापूर, नागल, नजीबाबाद, लक्सर और रूड़की स्टेशनों पर रुकेगी। 20 अगस्त को बरेली-रोजा पैसेंजर (64176) का फेरा बढ़ाकर सीतापुर सिटी तक किया जाएगा। यह ट्रेन रात 22.05 बजे रोजा से चलेगी और रास्ते में कई स्टेशनों पर रुकते हुए 00.30 बजे सीतापुर पहुंचेगी।
बरेली स्टेशन पर ठहराव बढ़ा
18 अगस्त से 20 अगस्त तक अस्थाई रूप से बरेली स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव समय बढ़ाया गया है। इनमें 13308, 12356, 12470, 15212, 15904, 15532, 15128, 14618, 14230, 14673, 14649, 14617, 15903, 12357, 12317, 15001, 22423, 12469 और 18103 शामिल हैं।
