"न्याय दिलाओ, वरना कूद जाऊंगा" : गोंडा में टंकी पर चढ़ा युवक, पुलिस-प्रशासन में अफरा-तफरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार : जमीन विवाद से परेशान एक युवक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया। युवक न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया और अधिकारियों को चेतावनी दी कि अगर उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई तो वह टंकी से कूद जाएगा। करीब डेढ़ घंटे तक अफसरों और पुलिसकर्मियों की सांसें अटकी रहीं।

जमीन विवाद से परेशान युवक ने किया हंगामा : देहात कोतवाली क्षेत्र के खरगूपुर चांद गांव निवासी 35 वर्षीय रामकिशुन का आरोप है कि उसके पटीदारों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और घर जाने का रास्ता भी बंद कर दिया है। पीड़ित का कहना है कि उसने एक महीने में कई बार एसडीएम कर्नलगंज से शिकायत की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, कार्रवाई नहीं हुई।

कलेक्ट्रेट परिसर में मचा हड़कंप : सोमवार को परेशान होकर रामकिशुन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। जैसे ही उसने चिल्लाना शुरू किया, अफसरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने साफ कहा कि जब तक कार्रवाई का भरोसा नहीं मिलेगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।

एडीएम और नगर कोतवाल ने दिया भरोसा : करीब डेढ़ घंटे चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट और नगर कोतवाल मौके पर पहुंचे और युवक को निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद ही रामकिशुन नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।

पुलिस ने रोका निर्माण, जांच शुरू : देहात कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि युवक का अपने पट्टीदारों से विवाद है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन दूसरा पक्ष नहीं आया। इस बीच पीड़ित टंकी पर चढ़ गया। फिलहाल निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है और राजस्व टीम के साथ मिलकर प्रकरण का निस्तारण कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- बलरामपुर पुलिस का बड़ा खुलासा : 50 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार