PTR के कोर एरिया में ड्रोन उड़ाकर बनाई रील...एक लाख वसूला जुर्माना,  ड्रोन भी जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में ड्रोन उड़ाना एक यूट्यूबर को महंगा पड़ गया। उसके बनाए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो मामला अधिकारियों तक पहुंच गया। आरोपी को ट्रेस कर पीटीआर के अधिकारियों ने पकड़ा और जानकारी की। उसके खिलाफ केस काटा गया है। एक लाख रुपये जुर्माना वसूलने के साथ ही ड्रोन भी जब्त कर लिया है। पीटीआर प्रशासन की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
 
घटना पीलीभीत टाइगर रिजर्व की माला रेंज के कोर एरिया की है। यहां पर गत दिनों एक यूट्यूबर ने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाकर वीडियो बनाया और अपनी आईडी से पोस्ट कर दिया। कोर एरिया में उड़ाए गए ड्रोन से जुड़ा वीडियो तेजी से वायरल हुआ तो खलबली मच गई।  मामला संज्ञान में आते ही पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने संज्ञान लिया। जिसके बाद संबंधित यूट्यूबर को ट्रेस कर लिया गया। इसके बाद उसे वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। उसे पकड़कर पूरी जांच पड़ताल की गई।  जिसके बाद कार्रवाई कर शिकंजा कसा गया।  संबंधित यूट्यूबर के खिलाफ वन विभाग ने केस काटने के साथ ही जुर्माना वसूल किया है। उसका ड्रोन भी जब्त कर लिया है। 

पीलीभीत जोन नाम से चलता है इंस्टाग्राम पेज 
बता दें कि जिस युवक पर पीटीआर के कोर एरिया में ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई की गई है। वह शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद का निवासी अरबाज अंसारी पुत्र सलामतुल्ला है। उसका पीलीभीत ज़ोन नाम से इंस्टाग्राम पर एकाउंट है। पीलीभीत टाइगर रिज़र्व की माला रेंज के कोर एरिया का ड्रोन से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया था।  वीडिया में वह ड्रोन से फुटेज बनाता भी दिखाई दे रहा था।

संबंधित समाचार