बदायूं : सपा सांसद ने मंत्री को भेजा पत्र, किसानों को उपलब्ध कराएं खाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। किसानों की समस्या के संबंध में सांसद आदित्य यादव ने कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही को पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने बदायूं के किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। 

सांसद ने लिखा कि किसानों को वर्तमान में धान और गन्ना के लिए डीएपी और यूरिया खाद की सबसे ज्यादा जरूरत है। बदायूं के किसान डीएपी और यूरिया के लिए जूझ रहे हैं। मांग के अनुरूप उपलब्धता नहीं है। जिसके कारण किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे है। साधन सहकारी समितियों से किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया खाद नहीं मिल पाने का बाजार में दुकानदार फायदा उठा रहे हैं। 

बताया कि बदायूं संसदीय क्षेत्र की विधानसभा गुन्नौर में यारा फर्टिलाइजर कंपनी स्थापित है। इस कंपनी की स्थापना पूर्व में टाटा खाद यूरिया के नाम से हुई थी। जिसके लिए विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर के किसानों ने अपनी जमीन दी थी। वर्तमान में टाटा खाद यूरिया फैक्ट्री का संचालन यारा फर्टिलाइजर कंपनी द्वारा किया जा रहा है। 

फैक्ट्री में तैयार यूरिया बदायूं की बजाय कहीं और भेजी जा रही है। खाद न मिलने पर किसानों की उपज पर असर पर पड़ रहा है। सांसद ने अनुरोध किया कि बदायूं के किसानों की समस्या को देखते हुए यारा फर्टिलाइजर कंपनी को यूरिया उपलब्ध कराए जाने के लिए निर्देशित करें। साथ ही जिले को मांग के अनुरूप डीएपी व यूरिया उपलब्ध कराने को कहा है।

संबंधित समाचार