Bareilly : तलवार से हमला कर बोले-सपा सरकार आई तो नामोनिशान मिटा देंगे
बरेली, अमृत विचार। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी पर निकली शोभायात्रा के दौरान विवाद हो गया। इसके दूसरे दिन सोमवार शाम एक युवक पर दूसरे समुदाय के युवकों ने घेरकर चाकू और तलवार से हमला कर दिया। आरोपियों ने कहा कि सपा सरकार आई तो नामोनिशानमिटा देंगे। पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करेली निवासी संजीव ने बताया कि 17 अगस्त को जन्माष्टमी पर शोभायात्रा निकाली गई थी। यात्रा समाप्त होने के बाद कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। अगले दिन जब वह बाजार से घर लौट रहे थे, तभी करेली निवासी शाहरुख, एंथोनी, आरिफ, मोहिन और उनके दो अज्ञात साथी वहां पहुंचे और उन्हें घेरकर धारदार हथियारों और तमंचे से हमला कर दिया।
हमलावरों ने धमकी देकर कहा कि यह सरकार हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, जिस दिन हमारी सरकार बनेगी उस दिन तुम्हारा नामोनिशान मिटा देंगे। सुभाषनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
