लखीमपुर खीरी : व्यापारी की आढ़त से 90 हजार की नकदी उड़ा ले गया चोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली से कुछ दूरी पर पुलिस की चौकसी को धता बताते हुए मंगलवार की रात चोरों ने गुड़ मंडी में धावा बोल दिया। खिड़की तोड़कर एक आढ़त में घुसे चोर अलमारी में रखे 90 हजार रुपये चोरी कर भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। सवाल यह है कि अब लोग कोतवाली के आसपास भी महफूज नहीं दिखाई पड़ रहे हैं। 

मोहल्ला ईदगाह निवासी कृष्णा गुप्ता की गुड़ मंडी में आढ़त है। रोजाना की तरह वह मंगलवार रात आढ़त बंद कर घर चले गए थे। इसी बीच देर रात अज्ञात चोर आढ़त में घुस गया। सीमेंट की खिड़की तोड़कर अंदर पहुंचा और अलमारी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गया। घटना की भनक किसी को नहीं लगी। सुबह जब व्यापारी ने दुकान खोली तो चोरी का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। 

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को एक संदिग्ध फुटेज मिला है। उसी के आधार पर चोर की पहचान और तलाश की जा रही है। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर हुई वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार