बिना मान्यता के चल रहा था माँ बाराही पब्लिक स्कूल, फर्जी कोचिंग प्रमाणपत्र पर संचालक के खिलाफ FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार: शिक्षा के मंदिर को बदनाम करने वाले फर्जी और गैर-मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। टिकैतनगर क्षेत्र के बांसगांव चौराहा स्थित माँ बाराही पब्लिक स्कूल का संचालन बिना मान्यता के किया जा रहा था।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के आदेश पर ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. इसरार अहमद ने विद्यालय संचालक कोमल प्रताप सिंह पुत्र पवन कुमार सिंह निवासी बांसगांव के खिलाफ थाना टिकैतनगर में मुकदमा दर्ज कराया है।

जांच में खुली पोल : जांच में पाया गया कि विद्यालय संचालक ने बिना सक्षम प्राधिकारी से मान्यता प्राप्त किए स्कूल चलाया और विद्यार्थियों का संबद्धीकरण गोंडा जिले के परसेपुर स्थित एक विद्यालय से कराया। यही नहीं, जब विभागीय अधिकारियों ने मान्यता पत्र मांगा तो संचालक ने फर्जी कोचिंग प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर दिया, जिसकी पुष्टि के बाद वह नकली साबित हुआ।

डीआईओएस ने दी चेतावनी : जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जिन भी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के पास मान्यता नहीं है, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। समय-समय पर चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

यह भी पढ़ें:- बाराबंकी में ग्राम पंचायत अधिकारी की मनमानी से भड़के प्रधान, मनरेगा कार्य ठप होने पर जताई नाराजगी

संबंधित समाचार