लखीमपुर खीरी : शहर में चोरों के हौसले बुलंद, घर से डेढ़ लाख के सामान पर हाथ साफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे एक ही घर को बार-बार निशाना बनाने लगे हैं, लेकिन पुलिस है कि सिर्फ तहरीर और रूटीन जांच तक सीमित है। बुधवार की रात पुलिस चौकी राजापुर क्षेत्र के मोहल्ला काशी नगर में बंद मकान से करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का सामान पार कर दिया।

मोहल्ला काशी नगर निवासी महेश मिश्र पुत्र दीनानाथ मिश्र ने बताया कि बुधवार की रात करीब साढ़े 11 बजे से 1:30 बजे के बीच चोर घर में घुस आए। चोर ताले तोड़कर बिजली का सामान व एसी कपार वायर चुराकर ले गए, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी रात में चौकी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गौर करने वाली बात यह है कि यही घर दो महीने पहले भी चोरी का शिकार हो चुका है। 

तब करीब 70 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी हुआ था, जिसकी तहरीर भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़ित ने आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। नतीजा यह है कि चोर खुलेआम बेखौफ घूम रहे हैं और मकान मालिक दूसरी बार फिर उनका शिकार बन गया। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस कार्रवाई ही नहीं करेगी तो चोरियों पर अंकुश कैसे लगेगा? लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिस की गश्त और चौकसी सिर्फ कागजों तक ही सीमित क्यों है। अब देखना यह है कि पुलिस इस ताजा चोरी को भी पुराने मामलों की तरह ठंडे बस्ते में डालती है या फिर सचमुच अपराधियों पर शिकंजा कसती है।

संबंधित समाचार