रामपुर : टैक्स वृद्धि को लेकर व्यापारियों का पालिका को घेरा
नौ घंटे धरने के बाद लिखित आश्वासन पर उठे व्यापारी
रामपुर, अमृत विचार: गृह व जलकर में बेतहाशा वृद्धि को लेकर उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को व्यापारियों ने नगर पालिका का घेराव कर दिया। पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पालिका परिसर में ही धरना दे दिया। सुबह साढ़े 11 बजे से रात साढ़े 8 बजे तक नौ घंटे व्यापारी पालिका परिसर में ही बैठे रहे।
गुरुवार को गृह कर और जल कर में भारी वृद्धि को लेकर उप्र उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी सुबह साढ़े 11 बजे नगर पालिका पहुंचे। उसके बाद पालिका परिसर में बन कमरों के आगे लाइन बनाकर बैठ गए। उसके बाद मांगों को लेकर देर शाम तक धरना जारी रखा। शाम तक भी किसी प्रकार का कोई आश्वासन किसी अधिकारी से नहीं मिला था। जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव के समय चुनावी घोषणा पत्र में रामपुर की जनता से वादा किया था कि वह जलकर एवं गृह कर को समाप्त करेंगे। जबकि इसके उलट जनता पर गृह कर और जलकर का बड़ा बोझ डाल दिया है।
व्यापारियों का आरोप है कि व्यापार मंडल कर निर्धारण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन ज्ञापन को रद्दी की टोकरी में डाल कर किसी का जवाब नहीं दे रहे हैं। अधिकारी गृहकर व जलकर के संबंध में कोई भी वार्ता करने को तैयार नहीं हैं। दुख की बात है कि नगर की लगभग 75000 संपत्तियों पर मनचाहा और मनमाने ढंग से अन्यायपूर्ण तरीके से टैक्स लगाया गया है। इस पर कोई भी चर्चा नहीं करना बिल्कुल गलत है। उसी के चलते गुस्साए व्यापारी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एकत्र होकर नगर पालिका पहुंच गए। नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। जिससे पालिका कर्मियों में हड़कंप मच गया है। रात साढ़े 8 बजे नगर पालिका चेयरमैन सना मामून ने लिखित में आश्वासन दिया तो धरना समाप्त हुआ।
यह व्यापारी रहे मौजूद: शाहिद शम्सी, हरीश अरोड़ा, शोएब मोहम्मद खान, प्रदीप खंडेलवाल, अवतार सिंह, हारिस शम्सी, बिलाल शम्सी, इमरान सलीम, राम गुप्ता, मुकेश आर्य, वाजिद खान, फैसल हबीब, मोहसिन खान, उज्जैर अहमद खान, मुराद खान गुलशन अरोड़ा, शाकेब अहमद, चंद्र प्रकाश रस्तोगी, अरुण वर्मा, राहुल जैन, कमलेश अग्रवाल, अशोक कुमार सक्सेना, मास्टर नाजिम आदि मौजूद रहे।
