लखीमपुर खीरी : चलती चक्की का पत्थर फटा, दो की मौत, कई बच्चे घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

थाना भीरा के मटेहिया गांव में हादसा, गांव में मातम

बिजुआ, अमृत विचार: भीरा थाना क्षेत्र के गांव मटेहिया में आटा चक्की का पत्थर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ बच्चे भी घायल हो गए।

गांव के ही निवासी उपदेश कुमार (42) पुत्र गजोधर यादव ट्रैक्टर से आटा चक्की जोड़कर घर-घर पिसाई करते थे। वह मटेहिया में ही चक्की चला रहे थे। अचानक चक्की का पत्थर फट गया और उसके टुकड़े चारों ओर जा गिरे। इस दौरान मौके पर मौजूद हरिपाल (40) पुत्र बिंद्रा प्रसाद और चक्की मालिक उपदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन दोनों को लेकर बिजुआ अस्पताल पहुंचे, जहां अस्पताल गेट पर ही हरिपाल ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उपदेश को जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। चक्की के पत्थर के टुकड़े पास खड़े कुछ बच्चों को भी लगे, हालांकि उनकी हालत चिंताजनक नहीं बताई जा रही है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया। दोनों परिवारों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर भीरा थाना प्रभारी गोपाल नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार