लखीमपुर खीरी: शौच गई महिला से छेड़छाड़, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी
धौरहरा, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है।
पीड़िता का आरोप है कि 20 अगस्त 2025 की शाम लगभग 7 बजे वह अपनी बेटी के साथ गांव के उत्तर दिशा में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान ग्राम सभा प्रधान के केला खेत के पास पहुंची तो गाँव का ही अंकित पुत्र रामकिशोर पासी अपने दो साथियों के साथ वहां मौजूद था। महिला का कहना है कि शौच कर खेत से लौटते समय अंकित ने उसे पकड़कर खेत की ओर खींचने की कोशिश की और छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर उसकी बेटी मौके पर पहुंची तो आरोपी और उसके साथी भाग खड़े हुए। भागते समय आरोपियों ने महिला को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
