चलती गाड़ी में युवती से उसके साथियों ने किया गैंगरेप, मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे तीनों

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अगरतला। त्रिपुरा के गोमती जिले में उदयपुर रेलवे स्टेशन के पास एक लड़की के साथ उसके दो साथियों ने चलती गाड़ी में गैंगरेप किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान महारानी निवासी मिथुन देबनाथ (24) और बोवर देबबर्मा (24) के रूप में हुई है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। 

आरके पुर महिला थाने की प्रभारी निभा सिन्हा ने बताया, "लड़की बृहस्पतिवार शाम अपने दो पड़ोसियों के साथ त्रिपुरेश्वरी मंदिर गई थी। मंदिर में दर्शन के बाद दो लड़के उसे कार में उदयपुर रेलवे स्टेशन ले गए। रास्ते में मिथुन और बोवर ने चलती गाड़ी में उसके साथ बलात्कार किया।" 

सिन्हा ने बताया कि तीनों को पहले उदयपुर उपमंडल के काकराबान चेकगेट पर उस समय हिरासत में लिया गया जब वे रात करीब 10 बजे लौट रहे थे। उन्होंने बताया, "पूछने पर लड़की ने बताया कि उसके दो साथियों ने उसके साथ बलात्कार किया है। इसके बाद हम उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले आए।" 

शुक्रवार को पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद दोनों युवकों को घटना में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा, "एक फॉरेंसिक टीम ने उस वाहन की जांच की है जिसमें लड़की के साथ बलात्कार हुआ था। पीड़िता को अपना बयान दर्ज कराने के लिए स्थानीय अदालत में पेश किया गया।"  

संबंधित समाचार