Bareilly : 582 पेड़ों पर चलेगी आरी, बदले में 6.39 करोड़ देगा पीडब्ल्यूडी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। पीलीभीत रोड को सिक्सलेन किए जाने की मंजूरी शासन से अभी भले ही नहीं मिली है, लेकिन मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर मुहर लगाने के बाद पीडब्ल्यूडी की तैयारी पूरी है। सेटेलाइट से बड़ा बाईपास तक पीडब्ल्यूडी को सड़क सिक्सलेन करना है। इसमें 582 पेड़ बाधा बनेंगे, पीडब्ल्यूडी इसके बदले वन विभाग को 6.39 करोड़ रुपये देगा।

शासन को भेजी गई 216 करोड़ रुपये की कार्ययोजना में यह रकम प्रस्तावित की गई है। पीडब्ल्यूडी का कहना है कि केवल शासनादेश का इंतजार हो रहा, सीएम सिक्सलेन के लिए मंजूरी बीते दिनों बरेली दौरे पर आने के दौरान दे चुके हैं।

पीलीभीत रोड पर सेटेलाइट से बड़ा बाईपास तक 11.30 किलोमीटर हिस्से को सिक्सलेन किया जाना है। इसमें बैरियर-टू से बड़ा बाईपास तक 3.90 किलोमीटर हिस्से को बीडीए और शेष 7.40 किलोमीटर हिस्से (सेटेलाइट से बैरियर-टू तक) को पीडब्ल्यूडी सिक्सलेन बनाएगा, जबकि बड़ा बाईपास से पीलीभीत होते हुए सितारगंज तक 71 किलोमीटर हिस्से को एनएचएआई पहले से ही फोरलेन करा रहा है। पीडब्ल्यूडी के अफसर बताते हैं कि अपने हिस्से की 7.40 किमी सड़क के सर्वे में छोटे-बड़े 582 पेड़, कुछ धार्मिक स्थल चिन्हित किए गए हैं। 

सिक्सलेन की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होते ही इनको हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। वन विभाग को 6.39 करोड़ की रकम दिए जाने के बाद पेड़ों को काटने के लिए एनओसी को लेकर भी अफसर संशय में है। कारण यह कि पीडब्ल्यूडी की तीन परियोजनाएं वन विभाग की एनओसी के फेर में काफी तक बंद रही थीं। इनमें एक प्रमुख परियोजना भमोरा-शाहबाद मार्ग पर आंवला के आसपास वाला क्षेत्र है। विभाग को एक साल की मशक्कत के बाद वन विभाग की एनओसी मिली थी। हालांकि एक्सईएन भगत सिंह का दावा है कि इस परियोजना में किसी तरह की समस्या नहीं आएगी। कारण यह है कि पेड़ों की संख्या ज्यादा नहीं है।

अवैध कट होंगे बंद, प्रमुख चौराहों से लेना होगा यूटर्न
सेटेलाइट से बड़ा बाईपास तक कालोनियों, गलियों और कुछ प्रतिष्ठानों के सामने अवैध तरीके से कट खुले हैं। इनको कई बार बंद करने की कोशिश भी हुई, लेकिन यह कट बंद नहीं हो सके। सड़क सिक्सलेन होने के बाद केवल प्रमुख चौराहों से यूटर्न ही लिया जा सकेगा। अभी सैटेलाइट से बीसलपुर चौराहा तक सात कट हैं। रोड सिक्सलेन होने के बाद वाहन स्वामी केवल बीसलपुर चौराहा से यूटर्न ले सकेंगे। बीच में किसी तरह का अवैध कट न खोले जाए, इसके लिए भी रणनीति बनाई गई है। डेढ़ मीटर चौड़े डिवाइडर के बीच हरियाली लगाई जाएगी।

 

संबंधित समाचार