बाराबंकी: समूचा देवा कस्बा तीसरी आंख की निगरानी में, अपराध पर लगेगी नकेल
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। कस्बा देवा में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब कस्बे के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कोतवाली परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर इंस्पेक्टर अजय कुमार त्रिपाठी स्वयं बैठकर कैमरों की निगरानी करते हैं। उनका मानना है कि इस तकनीकी पहल से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा बल्कि आमजन में भी सुरक्षा का विश्वास और बढ़ेगा।
कोतवाल ने बताया कि जल्द ही कस्बे के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों को भी इस सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। गांवों में लगे कैमरों की फीड भी कोतवाली में उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए थाना परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। 8-8 घंटे की शिफ्ट में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जो लगातार एलईडी स्क्रीन पर नजर रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत बीट पुलिस तक पहुंचाएंगे इंस्पेक्टर अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा देवा कस्बे और ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से हमें हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इससे अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और आम जनता खुद को और सुरक्षित महसूस करेगी। हम चाहते हैं कि लोग निश्चिंत होकर अपने कामकाज कर सकें यह कदम अपराध पर रोकथाम और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल है। इस व्यवस्था से चोर, उचक्के और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी।
साथ ही, किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव होगी स्थानीय लोगों का भी कहना है कि सीसीटीवी कैमरे लगने से उन्हें अधिक सुरक्षित महसूस हो रहा है। आम जनता में भरोसा है कि तकनीकी निगरानी से न सिर्फ अपराधियों पर नकेल कसी जाएगी बल्कि कस्बा और गांव और अधिक सुरक्षित बनेंगे।
