UP : तीन सहेलियों ने एक साथ खाया जहर, एक की मौत...सीसीटीवी से खुलेगा राज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक ही कॉलेज की तीन छात्राओं ने रहस्यमय परिस्थितियों में एक साथ जहर खा लिया। घटना में ग्रीन फील्ड एकेडमी की छात्रा माही वर्मा की मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर हालत में इलाज करा रही हैं। मामले में दो युवकों की संदिग्ध भूमिका सामने आई है, जिस पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।

कनौजिया कॉलोनी निवासी माही वर्मा 15 अगस्त को दोस्तों संग पार्टी करने की बात कहकर घर से निकली थी। वह अपनी दोनों सहेलियों और एक परिचित युवक के साथ विलोबी के एक रेस्टोरेंट गई थी। वहां खाना-पीना करने के बाद सभी घर लौट आए। घर पहुंचते ही माही की तबीयत अचानक बिगड़ गई।  परिजनों ने पहले झाड़-फूंक कराई, लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान 19 अगस्त को उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की देर रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इस पूरी घटना में माही की दोनों सहेलियां भी जहर खाने की बात स्वीकार कर रही हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है। उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस को शक है कि किसी दबाव या डर की वजह से छात्राएं सच सामने नहीं ला रही हैं। हालांकि पुलिस ने अभी केस दर्ज नहीं किया है। 

परिजनों का आरोप, दो युवक जिम्मेदार
मृतका माही के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि पार्टी में शामिल दो युवक इस घटना में संलिप्त हो सकते हैं। परिजनों ने कहा कि बेटियों को फंसाकर या बहका कर ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर गहराई से जांच कर रही है। घटनास्थल और रेस्टोरेंट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस मृतका और उसकी दोनों सहेलियों की कॉल डिटेल निकालकर भी जांच कर रही है।

मोहल्ले में मातम, सहपाठियों में दहशत
माही की मौत से कनौजिया कॉलोनी और ग्रीन फील्ड एकेडमी दोनों जगह मातम पसरा है। सहपाठी छात्राएं गमजदा हैं और सवाल उठा रही हैं कि आखिर ऐसा कदम उठाने की नौबत क्यों आई। वहीं मोहल्ले के लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

शहर कोतवाल हेमंत राय ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटना स्थल और रेस्टोरेंट के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं, ताकि घटना की असली वजह सामने लाई जा सके। जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार