Ganesh Chaturthi:15 हजार वर्ग फीट के वातानुकूलित पंडाल में विराजमान होंगे बप्पा, राजधानी का सबसे बड़ा गणेश महोत्सव 27 से

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से 20वां गणेश महोत्सव का आयोजन 27 अगस्त से 6 सितम्बर तक गोमती तट स्थित झूलेलाल वाटिका में किया जाएगा। मनौतियों के राजा के नाम से होने वाले शहर के सबसे बड़े गणेश महोत्सव के लिए 15 हजार वर्ग फीट का वातानुकूलित पंडाल तैयार हो रहा है।

गणेश महोत्सव की विस्तृत जानकारी देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर सोमवार गणेश प्राकट्य कमेटी ने प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि पण्डाल बनाने के लिए कोलकाता के कुशल कारीगर पिछले एक महीने से पंडाल तैयार करने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि बप्पा का दरबार दिल्ली के अक्षरधाम मन्दिर की तर्ज पर बन रहा है इसकी ऊंचाई 85 फीट रखी गई है। इस पंडाल में आपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाली ब्राम्होस्त्र मिसाइल की झलक भी दिखेगी।

अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि महिलाओं व पुस्र्षों के अलग-अलग बैठने की व्यवस्था रहेगी। पंडाल के बाहर 14 हजार वर्ग फीट में कुर्सियां डाली जाएंगी। जिस पर लोग खुले में बैठकर बप्पा के भजनों व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार आम भक्तों व श्रद्धालुओं का 10 करोड़ का बीमा कराया गया है। मनौतियों के राजा गणेश का 25 लाख रुपये का बीमा कराया गया है। महामंत्री सतीश अग्रवाल ने बताया कि बप्पा की मूर्ति 6 फीट की मुंबई के सिद्धिविनायक की तर्ज पर तैयार की गई है। राजधानी के मूर्तिकार श्रवण प्रजापति गणेश जी की मूर्ति को तैयार कर रहे हैं। बप्पा की मूर्ति 26 अगस्त को पंडाल में पहुंचेगी।

सुरक्षा की दृष्टि से 25 महिला व 25 पुरुष सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पूरे पंडाल में 60 सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं। उपाध्यक्ष व पार्षद रंजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में शासन, प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन सभी का सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम कोलकाता के प्रसिद्ध संजय शर्मा के नेतृत्व में होंगे। उन्होंने बताया कि इस बार बीकानेर के मशहूर भजन गायक प्रवेश शर्मा 29 अगस्त को बप्पा के दरबार में अपनी प्रस्तुति देंगे।

खलीलाबाद के चर्चित भजन गायक रोमी सरदार 31 अगस्त को बप्पा के दारबार में भजनों की वर्षा करेंगे। ग्वालियर के भजन गायक मनोज शर्मा 2 सितम्बर को भजन सुनायेंगे। इसी प्रकार देवघर के जानेमाने भजन गायक मनोज अजीत मनौतियों के राजा के दरबार में हाजिरी लगाएंगे।
कमेटी के सदस्य योगेश बंसल ने बताया कि बप्पा के दरबार में इस साल भी भक्त उन्हें अपनी समस्याओं के सम्बन्ध में चिट्ठी लिख सकेंगे। पिछले साल करीब 82 हजार चिट्ठियां लिखी गई थीं। इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा यहां चाट, फास्ट-फ़ूड, एवं आइस्क्रीम के स्टाल भी लगेंगे। बच्चों के लिए विशाल झूले लगाये गए हैं। कमेटी ने पंडाल के बाहर भी मेले जैसा माहौल तैयार कर दिया है।

अखिलेश बंसल ने बताया कि बप्पा के दर्शन प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक, दोपहर में एक बजे से 5 बजे तक और शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक किये जा सकेंगे। भक्त रोजाना सुबह 10 से शाम 6 बजे तक मनोतियों के राजा गजानन के नाम चिट्ठी लिख सकते हैं।

शोभा यात्रा 6 सितम्बर को, मूर्ति का होगा भू विसर्जन

6 सितम्बर को मनौतियों के राजा की शोभा यात्रा झूलेलाल वाटिका से दोपहर एक बजे शुरू होकर विश्वविद्यालय मार्ग, आईटी चौराहा, रामकृष्ण मठ, शंकरनगर, नजीरगंज, डालीगंज होते हुये झूलेलाल वाटिका पर समाप्त होगी। विसर्जन शोभा यात्रा निकलने के बाद गणेश प्रतिमा का झूलेलाल वाटिका के पास भू विसर्जन किया जायेगा।

 

यह भी पढ़ेंः 'दिखाई नहीं देता पर सुनाई भी नहीं देता क्या', प्रेमानंद महाराज पर टिप्पणी को लेकर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने रामभद्राचार्य पर जताई नाराजगी

संबंधित समाचार