CO ने घर में घुसकर इंस्पेक्टर के बेटे को पीटा, अगवा कर ले गए चौकी, जानें क्या बोली पीड़ित छात्र की मां ने दी तहरीर, कहा- समझौते का बना रहे दबाव
पीजीआई/ लखनऊ, अमृत विचार: तेलीबाग के सैनिक नगर में बांदा जिले में तैनात सीओ पर इंस्पेक्टर के बेटे को घर से अगवा कर मारपीट करते हुए चौकी में बंद करने का आरोप लगा है। आरोप है कि बेटे के साथ स्कूल में हुए मामूली विवाद को लेकर इंस्पेक्टर के नाबालिग बेटे को घर से जबरन उठाकर ले गए। आरोप है कि सीओ ने गनर, महिला टीचर, पुलिस बल और अपने बेटों के साथ घर में घुसकर न केवल इंस्पेक्टर की पत्नी से अभद्रता भी की। इंस्पेक्टर की पत्नी ने पीजीआई थाने में लिखित शिकायत की है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
सैनिकनगर निवासी शशिकला के पति कृष्ण मुरारी रायबरेली जिले में पीएसी के इंस्पेक्टर हैं। उन्होंने बताया कि बेटा वृंदावन स्थित एक निजी स्कूल में 10वीं का छात्र है। गुरुवार को बेटे का सीओ के बेटे से झगड़ा हुआ था। आरोप है कि बेटा स्कूल से घर वापस ही लौटा था कि तभी सीओ बेटे के साथ उनके घर में जबरन घुस आए। फिर उनके नाबालिग बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। जबरन उसके कपड़े बदलवाए और उसे मारते हुए घर से वृंदावन चौकी ले गए।
आरोप है कि पुलिस उनके बेटे को थाने लेकर चली गई। मां ने तहरीर दी तो उसपर विभागीय मामला बताकर समझौते का दबाव बनाया जाने लगा। पिटाई में छात्र के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। मां ने बेटे का मेडिकल कराकर सीओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित इंस्पेक्टर पिता कृष्ण मुरारी का कहना है कि दोनों पक्षों को शुक्रवार को थाने बुलाया गया है। फिलहाल सोशल मीडिया पर एक और मामला उजागर हो रहा है कि बांदा में तैनात सीओ ड्यूटी पर रहते हुए बिना छुट्टी लिए लखनऊ पहुंचे थे। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है।
यह भी पढ़ेंः Breaking News: राजीव शुक्ला को मिली BCCI की कमान, बने कार्यवाहक अध्यक्ष, रोजर बिन्नी ने दिया इस्तीफा
