पिता की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
बाराबंकी, अमृत विचार : पिता की डांट से नाराज किशोरी ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार शाम परिजनों ने उसका शव दुपट्टे से बने फंदे से लटकता देखा तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना बदोसरांय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किंतूर गांव में हुई। इस गांव के रहने वाले रामदेव गौतम की पुत्री सुधा 15 का शव घर के एक कमरे में दुपट्टे से बने फंदे से लटकता मिला। घर के अन्य सदस्य खेत गए थे, शाम को वह सभी वापस लौटे तो किशोरी को इस दशा में पाया। यह देखते ही घर में रोना पिटना मच गया। मृतका पांच बहन व एक भाई में मंझली थी। बताया जा रहा कि किसी बात को लेकर शुक्रवार को पिता ने उसे डांट दिया था। इसी से नाराज होकर किशोरी ने यह कदम उठाया।
मृत अवस्था में मिला रेस्टारेंट का बावर्ची
शहर कोतवाली क्षेत्र में एक रेस्टारेंट पर काम करने वाला बावर्ची मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम करखा निवासी हरिनाम वर्मा 46 सफेदाबाद स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना बनाने का काम करता था। गुरुवार की रात वह यहीं पर सो गया। शुक्रवार काे तड़के वह चाय नाश्ता करके फिर सो गया था, दोपहर में वह मृत अवस्था में मिला। अन्य साथियों ने उसे जगाने की काेशिश की तो उसका शरीर बेजान मिला। डाक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें:- 91 फीसदी छात्रों ने दी मिशन पहचान परीक्षा : जनपद के 58,242 विद्यार्थियों में से 52,724 ने लिया भाग
