बाराबंकी : उदयन शालिनी फेलोशिप में 87 छात्राओं का साक्षात्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

30 छात्राओं को मिलेगा पांच वर्ष तक मार्गदर्शन व छात्रवृत्ति

बाराबंकी, अमृत विचार। ताराश्री फाउंडेशन द्वारा बाराबंकी में संचालित उदयन शालिनी फेलोशिप प्रोग्राम के तृतीय बैच के लिए चयन प्रक्रिया के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में साक्षात्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 87 छात्राएँ अपने माता-पिता के साथ उपस्थित रहीं।

साक्षात्कार प्रक्रिया में छह सदस्यों के चयन पैनल ने छात्राओं का मूल्यांकन किया, जिसमें फाउंडेशन की संस्थापक विभा, सह-संस्थापक राजीव गुप्ता, बिनीता, रूमा, रीतु, डा. स्नेहलता, मनसी, संगीता, गुंजन, ममता और कोऑर्डिनेटर कुसुम शामिल रहे। इसके अतिरिक्त द्वितीय बैच की छह ‘शलिनी’ छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।

फाउंडेशन द्वारा चयनित 30 छात्राओं को आगामी पांच वर्षों तक फेलोशिप प्रदान की जाएगी, जिसके अंतर्गत छात्रवृत्ति उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी। साथ ही अनुभवी परामर्शदाताओं द्वारा उन्हें उच्च शिक्षा, जीवन कौशल, आत्मविश्वास और संवाद क्षमता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मार्गदर्शन मिलेगा। छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए मासिक कार्यशालाएं, सामाजिक कार्यों में भागीदारी, तथा शिविरों के माध्यम से अनुभव आधारित सीखने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।

छात्राओं के चयन के लिये जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाराबंकी, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज, जमीलउर्रहमान किदवई गर्ल्स इंटर कॉलेज, जीजीआईसी सतरिख और जनपद इंटर कॉलेज हरख को सम्मिलित किया गया।

संबंधित समाचार