बाराबंकी : गर्भवती पत्नी की पिटाई कर दिया तीन तलाक, तीन साल पहले हुई थी शादी
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के बाराबंकी जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर पांच माह की गर्भवती विवाहिता की पिटाई कर तीन तलाक दे दिया गया। यही नहीं ससुराल से निकाली गई महिला का पक्ष ले रहे उसके भाई को भी पीट दिया गया। क्षेत्र के ग्राम बनार निवासी सलमान की पुत्री अंजुम ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह तीन वर्ष पूर्व असलम पुत्र शाकिर निवासी ग्राम तेलपुरा थाना रामपुर मथुरा जिला सीतापुर के साथ हुआ था।
निकाह के बाद से ही पति असलम, सास-ससुर और ननद शहनाज दहेज में मोटरसाइकिल व सोने की चैन की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। वह इस समय 5 माह की गर्भवती है, इसके बावजूद 30 अगस्त की सुबह पति व ससुरालियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसे और गर्भस्थ शिशु को चोटें आईं।
महिला का कहना है कि इसी दौरान पति ने उसे तीन बार तलाक कहकर घर से निकाल दिया। उसने मायके फोन किया तो उसका भाई मौके पर पहुंचा। विरोध करने पर उसके भाई समीर की भी पिटाई कर दी गई और धमकी दी कि अगर दोबारा घर आई तो जान से मार देंगे।
