Sambhal: मंडी समिति में ध्वस्त किया 15 दुकानों का अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। संभल शहर की कृषि उत्पादन मंडी समिति में दुकानदारों ने प्रशासन की चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए तो मंगलवार को बुलडोजर एक्शन कर 15 दुकानों के अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किए गए। दुकानदारों ने अवैध रूप से कमरे व स्टोर बना लिए थे जिन्हें बुलडोजर ने जमींदोज कर दिया।

शासन के निर्देश पर संभल की कृषि उत्पादन मंडी समिति में अवैध अतिक्रमण को लेकर पिछले काफी दिनों से कार्रवाई चल रही थी। मंडी समिति में प्रशासन की टीम ने 70 दुकानों पर अतिक्रमण चिह्नित किया था। इन दुकानदारों को अपना अतिक्रमण खुद तोड़ लेने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। अधिकांश दुकानदारों ने अपने अतिक्रमण तोड़ लिए लेकिन 15 दुकानदारों ने प्रशासन की चेतावनी को तवज्जो नहीं दी।

प्रशासन ने 10 दिन की अतिरिक्त समय सीमा अतिक्रमण हटाने के लिए दी लेकिन उसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए। इसके बाद मंगलवार को बुलडोजर एक्शन शुरू किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार व एसडीएम विकास चंद्र पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर कृषि उत्पादन मंडी समिति पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी। बुलडोजर ने अतिक्रमण तोड़ना शुरू किया तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारी इकट्ठा हुए और दबाव बनाकर कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया। लेकिन प्रशासनिक अफसरों ने साफ कह दिया कि अब अभियान शुरू हुआ है तो सारे अतिक्रमण तोड़ने के बाद ही खत्म होगा।
इंसेट

बरामदे, कमरे, टिन शेड व अन्य निर्माण ध्वस्त
बुलडोजर ने पहले से चिन्हित अतिक्रमणों को तोड़ना शुरू किया तो एक के बाद एक दुकानों के आगे बने बरामदे, कमरे, टिन शेड व अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि नोटिस के बाद भी जहां से अतिक्रमण नहीं हटाया गया था उन 15 दुकानों का अतिक्रमण बुलडोजर से तोड़ा गया। एक दुकान पर सिविल कोर्ट का स्टे था इसलिए उसका अतिक्रमण तोड़ने की बजाय दुकान को सील कर दिया गया है।

अतिक्रमण हटाने से संवरेगी मंडी की तस्वीर
कृषि उत्पादन मंडी समिति में पिछले कुछ सालों में हर तरफ अतिक्रमण का माहौल बना तो मंडी बदसूरत हो गई थी। अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है तो मंडी समिति की सड़क चौड़ी नजर आने लगी है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाकर मंडी को स्वच्छ सुंदर और व्यवस्थित बनाने का काम किया जाएगा।

संबंधित समाचार