Moradabad : ईद-मिलादुन्नबी पर शहर में रूट डायवर्जन, भारी और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद
मुरादाबाद, अमृत विचार। ईद-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुगम यातायात व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि 5 सितंबर को ईद मिलादुन्नबी का पर्व मनाया जाएगा।
इस अवसर पर शहर क्षेत्र में वाहनों के आवागमन को लेकर विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे। उन्होंने बताया कि 5 सितंबर को दोपहर 12:00 से यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू हो जाएगी। जिसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनका कहना है कि भीड़ और परिस्थिति को देखते हुए यातायात व्यवस्था में समय-समय पर बदलाव किया जा सकता है।
यह रहेगी डायवर्जन व्यवस्था
- - ताजपुर रेलवे क्रॉसिंग मोड़ से जामा मस्जिद तक-दोपहर 12 बजे से भारी, तीन और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। केवल दोपहिया वाहन जा सकेंगे।
- -अपना धर्म काटा से जामा मस्जिद की ओर दोपहिया वाहन भी नहीं जा पाएंगे, केवल पैदल लोग ही प्रवेश कर सकेंगे।
- - इंद्रा चौक, जीआईसी चौराहा से जामा मस्जिद की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- - प्रिंस रोड कट से इंद्रा चौक तक ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा नहीं जा पाएंगे।
- - कोहिनूर तिराहा से दससराय चौकी/डबल फाटक तक केवल पैदल और दोपहिया वाहनों को ही अनुमति होगी।
- - पीली कोठी चौराहा से जैन मंदिर व गुरहट्टी चौराहा की ओर भारी एवं छोटे वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- - फव्वारा चौक से रेलवे स्टेशन/इम्पीरियल तिराहा तक भारी व छोटे व्यावसायिक वाहन प्रतिबंधित।
- बसों के संचालन में बदलाव
- - बिजनौर/कांठ मार्ग से आने वाली रोडवेज बसें दोपहर 12 बजे से कोठीवाल डेंटल कॉलेज तिराहे से ही यात्रियों को उतारकर लौटेंगी।
- - संभल/दिल्ली/बिलारी रोड की बसें आजाद नगर मोड़ तक आएंगी और वहीं से सवारियां लेकर वापस लौटेंगी।
- - रामपुर/बरेली रोड की बसें काशीपुर तिराहा तक ही संचालित होंगी।
- - काशीपुर/टांडा/बाजपुर मार्ग की बसें भी काशीपुर तिराहा से आगे नहीं आएंगी।
