22,337.62 करोड़ रुपए 2025 में अब तक आबकारी विभाग ने वसूले, अगस्त महीने में 3754.43 करोड़ रुपये राजस्व की हुई प्राप्ति
लखनऊ, अमृत विचार: आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह अगस्त तक 22,337.62 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई है, जो कि गत वर्ष के सापेक्ष 15.64 प्रतिशत अर्थात 3021.41 करोड़ रुपये अधिक है। माह अगस्त तक प्रदेश लक्ष्य रू. 23,400.00 करोड़ निर्धारित था।
मद्यनिषेध राज्यमंत्री ने गुरुवार को बताया कि इस वर्ष 01 अगस्त से 31 अगस्त तक प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिकी एवं तस्करी के कुल 10,503 अभियोग दर्ज किए गए हैं, लगभग 2.69 लाख लीटर अवैध मदिरा बरामद की गयी थी। अवैध मदिरा का कारोबार करने वाले 1,995 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया, इनमें 351 को जेल भेजा गया और संलिप्त 23 वाहन जब्त किया गया है।
नितिन अग्रवाल ने बताया कि अवैध मदिरा पर अंकुश लगाये जाने को 28 अगस्त से 06 सितंबर 2025 तक 10 दिवसीय तृतीय विशेष प्रवर्तन अभियान चल रहा है। इस अभियान में 31 अगस्त तक 1,587 अभियोग दर्ज हुए और 38,099 ली. अवैध शराब बरामद की गयी। अवैध शराब के 340 करोबारियों को गिरफ्तार किया गया, इनमें 83 को जेल भेज दिया गया है। अवैध मदिरा पहुंचाने वाले तीन वाहन जब्त किये गये।
