रामपुर : सैफनी में जुलूसे मोहम्मदी के दौरान भिड़े दो पक्ष, चली गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गोली लगने और लाठी डंडे चलने से 4 लोग घायल

सैफनी, अमृत विचार: थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में जमकर लाठी डंडे चले। आरोप है कि झगड़े के दौरान फायरिंग भी हुई। फायरिंग में दो लोग जबकि, पत्थरबाजी और लाठी डंडे चलने में कई अन्य भी घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को शाहबाद सीएचसी भेज दिया है। मौके पर पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।

किशनपुर गांव में दो पक्षों में कुछ दिन पूर्व कूड़ा डालने को लेकर विवाद हो गया था। उसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है। शुक्रवार शाम गांव में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकल रहा था जुलूस में एक पक्ष का किशोर शाह आलम जा रहा था। इस  दौरान नाली के पानी की छींटे शाह आलम के कपड़ों पर आने के बाद दोनों पक्षों में गाली गलौज होने लगी। मामले की जानकारी जब शाह आलम पक्ष के लोगों को लगी तब वे लोग भी मौके की तरफ भागे। उसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस बीच एक पक्ष द्वारा फायरिंग कर दी गई। जिसमें उस्मान, सलमान गोली लगने से घायल हो गए। इसी पक्ष के नन्हू व यूसुफ पत्थरबाजी में घायल  हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए शाहबाद सीएचसी भेज दिया है। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी अजय मिश्रा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 

संबंधित समाचार