UP : अधूरे पुल से टकराकर पलटी नाव, 20 लोगों को सुरक्षित बचाया, लापता बाप-बेटी को तलाश रही NDRF
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर सदर तहसील के ब्लॉक नकहा क्षेत्र में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव नौव्वापुर घाट पर सवारियों से भरी नाव अधूरे पुल के खड़े पिलर से टकराकर पलट गई। नाव में करीब 20 लोग सवार बताए जा रहे हैं। इनमें से पिता-पुत्री लापता हैं। अन्य को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
हादसा सुबह करीब आठ बजे होना बताया जा रहा है। नाव पर सवार होकर सभी यात्री नदी के दूसरे छोड़ पर जा रहे थे। नौव्वापुर घाट पर अधूरे पड़े पुल के खंभे से अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उसने सवार लोग तेज धार में बहने लगे। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी नदीं में कूद पड़े और बचाव कार्य शुरू करते हुए प्रशासन को सूचना दी।
सूचना पाकर एसडीएम सदर अश्वनी कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईपीएस विवेक तिवारी, एसओ खीरी निराला तिवारी आदि कई अफसर एनडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि हादसे में गांव नौव्वापुर निवासी कैलाश और उसकी पुत्री लापपा है, जिसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। अन्य यात्रियों को सकुशल बचा लिया गया। एसडीएम सदर अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम लापता पिता-पुत्री की तलाश कर रही है।
