मोहम्मदी में अग्निकांड : किराना गोदाम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, ढाई करोड़ का नुकसान
मोहम्मदी, अमृत विचार। नगर के प्रमुख थोक किराना व्यापारी अमित गुप्ता के गोदाम में देर रात शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। दमकल की कई गाड़ियां लगातार आठ घंटे तक जूझती रहीं। तब जाकर सुबह 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
नगर के प्रमुख थोक किराना व्यापारी अमित गुप्ता का गोदाम है। शुक्रवार की रात गोदाम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। रात करीब दो बजे गश्त पर निकले सिपाही गया प्रसाद और पीआरडी जवान संतराम ने गोदाम से धुआं उठते देखा। उन्होंने पड़ोसी अश्विनी रस्तोगी को सूचना दी, जिन्होंने मालिक अमित गुप्ता को हादसे की जानकारी दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही आग बेकाबू हो चुकी थी।
आग की सूचना मिलते ही मोहम्मदी, गोला, खीरी, पुवायां और शाहजहांपुर से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। साथ ही विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, पालिका अध्यक्ष संदीप मेहरोत्रा, प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की खबर लगते ही सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। दमकल कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। बमुश्किल सुबह करीब दस बजे फायर बिग्रेड के कर्मचारी आग पर काबू पा सके। गोदाम मालिक के अनुसार, अंदर घी, तेल, दाल, चावल सहित लगभग 70–80 लाख का माल और 40–50 लाख के उधारी कागजात रखे थे। सबकुछ आग की लपटों में जलकर राख हो गया। आग की भीषणता इतनी थी कि आसपास की इमारतों में भी दरारें आ गई हैं।
पूरे नगर में छाया रहा धुंआ
आग की उठ रहीं ऊंची लपटों से लोग आसपास भी नहीं भटक पा रहे थे। इससे गोदाम के अगल-बगल रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मची रही। लोग किसी तरह से घरों से बाहर निकले। घटना के बाद मची चीख पुकार सन्नाटे को चीर रही थी। पूरे नगर में आसमान पर काले धुएं की परत छा गई। आग इतनी विकराल थी कि आसपास के मकानों में भी दरार आ गई। लपटों के आगे मौजूद सैकड़ों की संख्या में लोग असहाय नजर आए। जब फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया तो लोगों ने कुछ राहत महसूस की।
