कानपुर: कारोबारी से रंगदारी मांगने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस
कानपुर, अमृत विचार। चमनगंज पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया है। हिस्ट्रीशीटर ने शुक्रवार देर रात कारोबारी से 10 हजार रुपये प्रतिमाह देने की घुड़की दी थी। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर उसे दबोच लिया। खौफ खत्म करने के लिए पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को क्षेत्र में करीब एक किमी नंगे पैर जुलूस निकाला।
चंद्रिका देवी चौराहा निवासी मोनू श्रीवास्तव के अनुसार उसके पिता पप्पू स्क्रैप का कारोबार करते है। उसने बताया कि बीते शुक्रवार रात तीन बजे उनके पिता अपने मित्र नितिन श्रीवास्तव, अनुराग प्रजापति व अमन बाजपेई के साथ गणेश महोत्सव परिसर में सजावट कर रहे थे, तभी सईदाबाद निवासी हिस्ट्रीशीटर जैद वारी उनके पास पहुंचा।
आरोप है कि उसने उनके सीने पर तमंचा रखकर कहा कि तुम्हारे पिता का कारोबार ठीक चल रहा है। कह देना व्यापार करना चाहते हैं तो 10 हजार रुपये प्रतिमाह रंगदारी चाहिए। विरोध पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
इस पर पिता ने तत्काल दो हजार रुपये देकर बाकी रकम बाद में देने को कहा। शनिवार को कारोबारी ने मामले की शिकायत चमनगंज पुलिस से की। थाना प्रभारी संजय राय ने बताया कि आरोपी जैद वारी हिस्ट्रीशीटर है। उस पर गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, रंगदारी समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं। लोगों को डरा धमकाकर वसूली करता था। उसका डर खत्म करने के लिए करीब एक किमी नंगे पैर जुलूस निकाला गया है।
जमीन बेचने के बाद कब्जे के लिए मांगी 12 लाख रंगदारी
कानपुर। चकेरी में सेवानिवृत्त फौजी की पत्नी ने जमीन बेचने के बाद कब्जा छोड़ने के नाम पर 12 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप दबंग पर लगाया है। पीड़िता ने डीसीपी पूर्वी से शिकायत कर चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पनकी निवासी सत्यवान सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं। पत्नी रेखा रानी के अनुसार कई माह पहले उन्होंने चकेरी के विमाननगर के हरिपाल सिंह से 200 वर्गगज जमीन खरीदी थी।
उनके भाई ने जमीन की रकम चुकाने के लिए हरिपाल सिंह को दो चेक दी थी, लेकिन बाद में आरोपी को उनके भाई ने आरटीजीएस के माध्यम से जमीन की रकम भेज दी थी। आरोप है कि जमीन बेचने व रकम लेने के बाद भी आरोपी ने कब्जा नहीं दिया। कब्जा देने के लिए 12 लाख की रंगदारी मांगी। इतना ही नहीं चेक के माध्यम से एनआई एक्ट के तहत मामला दर्ज कराकर उन्हें परेशान कर रहा है। पीड़िता ने बताया कि परेशान होकर उन्होंने डीसीपी पूर्वी से मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
