हैदरी दल का मास्टरमाइंड गिरफ्तार : मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से फैला रहा था फेक न्यूज और भड़काऊ पोस्ट
बरेली, अमृत विचार। पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ पोस्ट करने और फेक न्यूज फैलाने वाले हैदरी दल के मास्टरमाइंड अकबर अली को आखिरकार कई महीने की कोशिश के बाद गिरफ्तार कर लिया। कई सोशल मीडिया अकाउंट आरोपी हैंडल कर रहा था। जिन पर लाखों की संख्या में फॉलोवर थे। हैदरी दल से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
गुरुवार को एसपी सिटी मानुष पारिक ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि हैदरी दल के खिलाफ पुलिस पहले ही लगातार कार्रवाई कर रही थी। अब सबसे ज्यादा फॉलोवर वाले इंस्टाग्राम अकाउंट को हैंडल करने वाले अकबर अली को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि हैदरी दल के नाम से पूर्व में कई अकाउंट्स सामने आए थे। जिनके जरिए लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काने, फेक न्यूज फैलाना, महिलाओं के लिए आपत्तिजनक पोस्ट करने जैसे काम किए जा रहे थे।
थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसमें पांच लोगों को जेल भेजा गया था। इनसे जुड़े खाते ट्रेस कर मेटा को रिपोर्ट भेजी और खाते बंद कराए गए। मगर कुछ खाते दोबारा सक्रिए हो गए। संदर्भ को स्पष्ट किए बगैर खबरों को पोस्ट किया जा रहा था। जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रहीं थीं। बीती तीन सितंबर को थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। हैदरी दल ऑफिशियल के खातों को ट्रेस किया गया तो मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने इन अकाउंट्स को हैंडल करने वाले शख्स को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। जांच के बाद जिला फतेहपुर यूपी निवासी अकबर अली को गिरफ्तार किया गया। अकबर अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में रहकर काम करता है। वह वहीं सोशल मीडिया अकाउंट्स संचालित कर रहा था। जिसमें टीम हैदरी दल, हैदरी दल ऑफिशियल और राष्ट्रीय टीवी नामक अकाउंटस शामिल हैं। देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से संपर्क में था। उन्हीं के साथ मिलकर इन सारी गतिविधियों को चला रहा था।
