कन्नौज: बेटी ने मायके जाने से किया मना तो भिड़े गए ससुराल और मायके पक्ष के लोग, जमकर हुई मारपीट
कन्नौज, अमृत विचार। हसेरन कस्बे में पति के साथ रह रही पुत्री को मायके पक्ष के लोग बुलाने आये। उसने जाने से मना कर दिया। इस पर मायके व ससुरालियों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमले किये। इसके बाद पहुंचे कुछ लोगों ने मामले को सुलटाया। मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है।
बताया जाता है कि बदायूं जिले के मेहू गांव निवासी जवर सिंह अपनी बेटी रेखा को लेने के लिए उसकी ससुराल इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कस्बा हसेरन पहुंचे थे। दामाद से कहा कि वह पुत्री रेखा को लेने आये हैं। पति ने रेखा को भेजने से इंकार कर दिया। यही नहीं रेखा ने भी मना किया। इसी बात पर ससुरालियों व मायके पक्ष के बीच गालीगलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई।जिसे जो मिला उसीसे हमला करने लगा।
इससे हसेरन पुलिस चौकी के निकट अफरा तफरी मच गई। तमासा देखने वाले की मौके पर भीड़ लग गई। इसी बीच कुछ लोग पहुंचे और बीचबचाव किया। रेखा ने बताया कि उसके पति की तबीयत ठीक नहीं रहती है। इससे वह मायके नहीं जाना चाहती। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अर्जुन का कहना है कि मायका पक्ष रेखा को ले जाकर लंबे समय तक ससुराल नहीं भेजता था। इसी डर से वह पत्नी को लेकर सौरिख से हसेरन स्थित अपने दादी के घर बरौली आया था। इसकी जानकारी पर मायके वाले वहां पहुंचे और बीच चौराहे पर मारपीट करदी। अमृत विचार वायरल वीडियों की पुष्टि नहीं करता है। इंदरगढ़ थाना प्रभारी नीलम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
