बाराबंकी: किराए के कमरे में विवाहिता की गला कसकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बड़ेल में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव कमरे में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका है कि महिला की गला कसकर हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार मृतका गुलशन जहां (28) मूल रूप से थाना लोनीकटरा क्षेत्र की रहने वाली थी। उसका विवाह वर्ष 2017 में अमेठी जनपद के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में हुआ था। पति गुजरात में रहकर काम करता है। कुछ समय से वह नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेल मोहल्ले में किराए के कमरे में रह रही थी।

शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने गुलशन का शव कमरे में देखा तो हड़कंप मच गया। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के गले में दुपट्टा कसा हुआ था। कमरे में रहने वाला एक युवक वहां से गायब मिला। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए। पूछताछ में मकान मालिक ने पुलिस को युवक का नाम वर्मा बताया, लेकिन पूरा नाम स्पष्ट नहीं हो सका। 

परिजनों के मुताबिक गुलशन की पांच वर्षीय पुत्री है, जिसे वह गुरुवार को मायके में छोड़कर वापस कमरे पर आई थी। मृतका के भाई ने बताया कि पति-पत्नी में लंबे समय से विवाद चल रहा था, हालांकि पति खर्च वहन करता था। परिजनों ने घटना को लेकर ससुराल पक्ष के ही दो परिचित युवकों पर शक जताया है। पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

शहर कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गला कसकर हत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने मकान मालिक और एक अन्य युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-2047 तक सत्ता में नहीं आएंगे अखिलेश यादव, बोले केशव मौर्य- CM योगी नेतृत्व में विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा UP

संबंधित समाचार