बदायूं : तीन सड़कों की 1.80 करोड़ से बदलेगी दशा, जारी हुआ बजट

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दातागंज से सिताबनगर, कोनार से बरातेगदार और समसपुर से गौटिया तक बनाई जाएगी सड़क

बदायूं, अमृत विचार: सदर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के प्रस्ताव पर विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख गांव की मुख्य सड़कों के मरम्मत और निर्माण के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद ने एक करोड़ 80 लख रुपये स्वीकृत किए हैं। तीनों सड़कें ही काफी समय से जर्जर हालत में थी। लोगों की समस्या पर सदर विधायक ने निर्माण और मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था। अब धनराशि स्वीकृत होने पर लोगों में खुशी है।

सदर विधायक ने कहा कि डबल इंजन सरकार का पूरा फोकस गांवों के विकास पर है। विकास का रास्ता सड़कों से होकर गुजरता है। जिसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार हर गांव को प्रमुख मार्गों से जोड़ रही है। किसी क्रम में बदायूं विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री ने पिछले समय क्षेत्र के तीन गांव की सड़कों की मरम्मत और उनके निर्माण के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी समिति को प्रस्ताव दिया था। शासन स्तर पर इन सड़कों के निर्माण को स्वीकृत करने के लिए प्रयास किया। जो रंग लाया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत गड्ढा मुक्तिकरण योजना के अंतर्गत राज्य कृषि उत्पादन मंडी समिति ने भाजपा विधायक के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए तीनों सड़कों के निर्माण को धनराशि दी है। यह सड़कें गांव कुनार से होते हुए बरातेगदार के चौराहे, गांव बरी समसपुर से खासपुर से गौटिया तक हैं। तीसरी सड़क दातागंज रोड से गांव सिताबनगर तक बनाई जाएगी। इन तीनों ही सड़कों की हालत काफी खराब थी। लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। गांवों के सैकड़ों लोग इस मार्ग से गुजरते थे। पिछले दिनों हुए कार्यक्रम में विधायक ने लोगों से बारिश के मौसम के बाद सड़कों के दुरुस्त करने का वादा किया था। 

लगभग हर गांव में सड़कों का निर्माण कराया गया है। जहां भी सड़कें खस्ताहाल हैं या किसी तरह की कमी है तो उनके निर्माण के लिए सरकार की ओर से भरपूर बजट दिया जा रहा है। किसी भी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी। तीन सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ 80 लाख की धनराशि मिल गई है। निश्चित तौर पर इन सड़कों के बनने से गांवों के सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा। क्षेत्र में कुछ और सड़कों को जल्द ही धनराशि दिलाई जाएगी। उनका प्रस्ताव भी शासन को दिया गया है। - महेश चंद्र गुप्ता, सदर विधायक।

संबंधित समाचार