रामपुर : सरकारी स्कूल में छात्रा को अध्यापक ने पीटा
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी जांच
मसवासी, अमृत विचार: गुरुवार को तहसील क्षेत्र की नगर पंचायत मसवासी स्थित चाऊपुरा के सरकारी विद्यालय में एक अध्यापक द्वारा छात्रा की लात घूसों से बेरहमी से पिटाई कर दी। जिस पर कक्षा चार की छात्रा शिवानी की हालत बिगड़ गई थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया।
छात्र के पिता शोभित गुप्ता द्वारा अध्यापक के खिलाफ तहरीर चौकी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी अध्यापक को हिरासत में ले लिया, लेकिन बाद में समझौता होने के बाद पीड़ित छात्रा के पिता को सहायता राशि देकर मामला रफा-दफा कर दिया। मामला चर्चा में आ जाने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी स्वार फोटोलाल निरंकारी को सौंपकर अवगत कराने के निर्देश दिए। शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी स्वार मसवासी स्थित प्राथमिक विद्यालय चाऊपुरा पहुंचे। आरोपी ठाकुरद्वारा निवासी अध्यापक नितिन ठाकुर से मामले की जानकारी की। कक्षा में पहुंचकर बच्चों के बयान दर्ज किए। विद्यालय में पीड़ित छात्रा उसके अभिभावक उनके भी बयान दर्ज किए। बयान में अध्यापक पर लगाए गए आरोप सही पाए गए खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छात्रा के साथ हुई मारपीट के मामले में जांच की गई है। शीघ्र जांच रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को देकर अवगत करा दिया जाएगा।
