बदायूं : हत्या करके तेजाब डालने का आरोप, हिरासत में तीन आरोपी
कादरचौक, अमृत विचार। एक किशोर का कंकाल उसकी बहन के घर के पास कादरचौक थाना क्षेत्र में उसहैत मार्ग स्थित पेड़ पर लटका मिला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजन ने हत्या करके शव पर तेजाब डालकर पेड़ पर लटकाने की तहरीर दी। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस ने परिजनों से किशोर के बारे में जानकारी की।
कादरचौक कस्बा निवासी पूजा पत्नी संजीव मिश्रा ने तहरीर देकर बताया कि जिला बरेली के थाना आंवला क्षेत्र के गांव मधुपुरी निवासी उनका 16 साल का भाई राजू पंडित माता-पिता के देहांत के बाद छोटी बहन शाहजहांपुर के कस्बा परौर निवासी सोनी शुक्ला के घर रहता था। तकरीबन तीन महीने पहले कादरचौक निवासी राजू का बहनोई सोनू उपाध्याय पुत्र पन्नालाल राजू को बुलाकर चुपके से अपने घर पर ले गए थे।
वह 28 अगस्त से लापता हो गया था। शुक्रवार को राजू का कंकाल पेड़ पर लटका मिला। पूजा का आरोप है कि सोनू, उसकी पत्नी संगीता, पिता पन्नालाल ने हत्या करके शव पेड़ पर टांगा है और फिर तेजाब डाल दिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस बल की मौजूदगी में राजू के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
