लखीमपुर खीरी : खाद की कालाबाजारी मामले में पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना पढुआ क्षेत्र में यूरिया खाद की बोरियों से भरी पिकअप पकड़े जाने के मामले में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कृषि अधिकारी के आदेश पर जांच के बाद प्राविधिक सहायक कृषि ने आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ थाना पढुआ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
बता दें कि थाना पढुआ प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने मुखबिर की सूचना पर पीछा कर यूरिया खाद की बोरियों से लदी पिकअप को बरामद किया था। यह पिकअप थाना फूलबेहड़ क्षेत्र से बहराइच की तरफ जा रही थी। पुलिस ने संदिग्ध मिलने पर पिकअप को थाने में खड़ा करा लिया था और इसकी जानकारी एसडीएम समेत अन्य अफसरों को दी थी। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि) ने बहराइच जिले के बिछिया निवासी वाहन चालक रामचंद्र से पूछताछ की तो वह कोई भी उर्वरक से संबंधित कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
जबकि पिकअप में 46 प्रतिशत यूरिया युक्त ब्रांड 71 की 14 बोरियां और 46 प्रतिशत यूरिया ब्रांड 85 की 14 बोरियां कुल 28 बोरियां बरामद की गई थीं। कृषि विभाग की टीम ने बरामद यूरिया को जब्त किया है। साथ ही वरिष्ठ प्रावधिक सहायक कृषि सत्यवीर सिंह ने आरोपी चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई की जा रही है।
