लखीमपुर खीरी : नाबालिग लड़की को भगा ले गया गैर समुदाय का युवक, गांव में फैला तनाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निघासन, अमृत विचार। पढुआ थाने के मुन्नालाल पुरवा (बैरिया) गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक लड़की को लेकर भगा ले गया। लड़के के साथ भागने वाली लड़की नाबालिग बताई जा रही है। प्रेमी जोड़ा अलग अलग समुदाय के होने की वजह से गांव में तनाव फैल गया। स्थिति पर नजर रखने और शांति व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स लगाई गई है।

पढुआ थाने के मुन्नालाल पुरवा गांव में रविवार को तनाव फैल गया। यहां की निवासी एक किशोरी गांव के ही अपने प्रेमी के साथ भाग गई। भागने वाले युगल दो अलग अलग समुदाय के हैं जिसके चलते मामला गर्म हो गया। लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़की नाबालिग है और उसे जबरन भगा कर ले जाया गया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। साथ ही किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन गांव में बड़ी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

पढुआ के साथ साथ सिंगाही और निघासन थाने का फ़ोर्स भी मौके पर मौजूद है। इसके अलावा पीएसी बल भी लगाया गया है। पलिया और निघासन सीओ मौके पर जमे हुए हैं वहीं एडिशनल एसपी पवन गौतम ने मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया। लड़की के परिजन लड़की को बरामद करने की जिद पर अड़े हैं। इंस्पेक्टर विवेक उपाध्याय के मुताबिक परिजनों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मीडिया कर्मियों को नहीं लेने दिए फोटो वीडियो
घटना के बाद लड़की पक्ष के लोग काफी आक्रोशित रहे। परिजनों ने मीडिया कर्मियों से न कोई बात की और न ही फोटो और वीडियो लेने दिए। कुछ मीडिया कर्मियों के हाथों से मोबाइल छीनने की भी कोशिश की गई।

संबंधित समाचार