Bareilly : बच्चे गए कोचिंग, घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी
बरेली, अमृत विचार। बसंत विहार कॉलोनी में बंद मकान में चोर सीढ़ी लगाकर अंदर घुस गए। चोरों ने घर की अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी करके फरार हो गए। थाना इज्जतनगर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बसंत विहार निवासी सरोज कुमारी ने बताया कि वह निजी अस्पताल में नर्स का काम करती हैं। उसके पति ई-रिक्शा चलाते हैं। 18 अगस्त को दिन में 3 से 4 बजे के समय बच्चे कोचिंग गए हुए थे। इसी बीच तीन लोग चोरी करने के लिए पीछे से सीढ़ी लगाकर घर में घुस गए। महिला ने बताया कि घर की अलमारी का ताला तोड़कर चोर मंगलसूत्र, दो सोने की अगूंठी, एक जोड़ी झुमकी और दो जोड़ी चांदी की पायल समेत केसीसी लोन जमा करने के लिए घर में रखे 33 हजार रुपये लेकर कमरे के दरवाजे में बाहर से कुंडी लगाकर और मेन गेट पर ताला डालकर फरार हो गए।
कोचिंग के बाद बच्चे जब घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दरवाजा खुला था जबकि अलमारी का ताला टूटा हुआ था। सूचना पर वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि किचन के पास एक चोर की चप्पल पड़ी हुई थी, जिस पर मसाला लगा था। उसने पड़ोस के रहने वाले राजा नाम के मजदूर को ऐसी चप्पल पहने हुए देखा था। उसके बाद वह उसके घर गईं तो दूसरी चप्पल मिल गई। महिला ने कर्मचारी नगर पुलिस को चोरी की सूचना दी। उसके बाद पुलिस आरोपी राजा के घर पहुंची तो वह मौके से फरार हो गया। उसके बाद महिला ने राजा, अंकित और बृजमोहन नाम के युवक के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
